पंजाब की सभी सीटों पर लड़ने की तैयारी में लोजपा: चिराग पासवान डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे, बोले-‘मेरी मां सरदारनी हैं, मैं आधा पंजाबी’ – Jalandhar News
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग कुमार पासवान रविवार दोपहर जालंधर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। अमृतसर दौरे के बाद जालंधर पहुंचे चिराग पासवान ने डेरा में नतमस्तक होकर पूज्य संत निरंजन दास जी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब से अपने गहरे पारिवारिक और भावनात्मक रिश्ते को उजागर करते हुए राज्य में अपनी पार्टी के बड़े राजनीतिक प्लान का भी खुलासा किया। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान काफी भावुक नजर आए। उन्होंने पंजाब से अपने खास जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा, “पंजाब के साथ मेरा सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि गहरा भावनात्मक रिश्ता है। मेरी मां पंजाबी हैं और एक सरदारनी हैं। इस नाते मैं खुद को ‘आधा सरदार और आधा पंजाबी’ मानता हूं। यही वजह है कि पंजाब और यहाँ के लोगों के प्रति मेरी एक अलग जिम्मेदारी बनती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि डेरा सचखंड बल्लां का उनका यह दौरा पूरी तरह से गैर-राजनीतिक था और वे यहाँ केवल संत जी का आशीर्वाद लेने आए थे। पिता रामविलास पासवान के सपने को करेंगे पूरा चिराग पासवान ने पार्टी के भविष्य के विजन को साझा करते हुए कहा कि उनके पिता और लोजपा के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान की हमेशा से यह सोच थी कि लोक जनशक्ति पार्टी का विस्तार सिर्फ बिहार तक सीमित न रहकर पंजाब में भी होना चाहिए। पिता के इसी सपने और सोच को आगे बढ़ाते हुए अब पार्टी पंजाब में अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने जा रही है। लोजपा (रामविलास) की विचारधारा को पंजाब के गांव-गांव और हर घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे वहां पार्टी मजबूत हुई और नेता सांसद-विधायक बने, वैसे ही अब पंजाब में भी लोजपा को एक बड़ी ताकत बनाया जाएगा। पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर चिराग पासवान ने एक बड़ा राजनीतिक एलान किया। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) फिलहाल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। राज्य के सभी हलकों में संगठन को मजबूत करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने रुख साफ करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने पर ही परिस्थितियों को देखकर किसी भी दल से गठबंधन करने या न करने का अंतिम फैसला लिया जाएगा।
Source link

