पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: प्राइवेट हॉस्पिटल पर ग्रेनेड फेंकने वाला गिरफ्तार, ढिल्लों आज भाजपा प्रधान का पदभार संभालेंगे – Chandigarh News
पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों आज अपना कार्यभार संभालेंगे। वह सुबह 10 बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित लॉ भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा
.
इसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र सिंह रैना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ढिल्लों कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।
केवल सिंह ढिल्लों दो दशक से अधिक समय से राजनीति में सक्रिय हैं। लंबे समय तक वह कांग्रेस में रहे और विधायक भी रह चुके हैं। उद्योग जगत में भी उनकी पहचान रही है। भाजपा में बड़ी जिम्मेदारी मिलते ही वह अधिक सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने बीजेपी नेताओं के घर-घर जाकर उनसे मुलाकात की। पढ़ें पूरी खबर…
गुरदासपुर में निजी अस्पताल पर ग्रेनेड हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गुरदासपुर में कलानौर के प्राइवेट अस्पताल में ग्रनेड हमला करने वाले मुख्यारोपी को पंजाब पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के चंद घंटों बाद ही पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की मदद से मुख्य आरोपी को तरनतारन से गिरफ्तार किया।
पकड़ा गया आरोपी धर्मिंदर उर्फ तिंडी, थाना कलानौर के अंतर्गत आते अगवान गांव का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
हालांकि, आरोपी ने किसके इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया, इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में लगी है। पढ़ें पूरी खबर…

