पंजाब में GST चोरी पर बड़ा शिकंजा: 2400 टन माल जब्त, 3.50 करोड़ का जुर्माना; लुधियाना-जालंधर के कारोबारी रडार पर – Ludhiana News
पंजाब सरकार ने जीएसटी चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ते हुए मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना में व्यापक कार्रवाई की है। जीएसटी विभाग की विशेष टीमों ने एक सप्ताह के भीतर की गई छापेमारी में करीब 2400 मीट्रिक टन माल जब्त किया है। विभाग के अनुसार यह माल बिना वैध बिलों या फर्जी बिलिंग के जरिए कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि संबंधित कारोबारियों पर 3.50 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इस कार्रवाई के बाद राज्य के व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। टैक्स चोरी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं: चीमा पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार टैक्स चोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि व्यापारिक व्यवस्था में पारदर्शिता और ईमानदारी को बढ़ावा देना भी है। चीमा ने बताया कि मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना, लुधियाना और जालंधर समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों से लगातार जीएसटी चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। फर्जी बिलिंग के नेटवर्क पर नजर वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान जिस तरह टैक्स चोरी की प्रवृत्ति बढ़ी थी, उसे खत्म करने के लिए वर्तमान सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिकायतों के आधार पर विभाग ने लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में संदिग्ध माल पकड़ा गया। जीएसटी विभाग की टीमें लगातार सर्वे और छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी बिलिंग और कर चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्यभर में गठित की गईं विशेष निगरानी टीमें सरकार ने टैक्स चोरी पर लगाम लगाने के लिए राज्यभर में विशेष टीमें तैनात की हैं। ये टीमें माल की आवाजाही, दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। जहां भी फर्जी बिलिंग या अनियमितता की आशंका होती है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। चीमा ने उद्योगपतियों और व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कारोबार करने वालों को सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लुधियाना और जालंधर के कारोबारी भी जांच के घेरे में जीएसटी विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस मामले में लुधियाना और जालंधर के कई स्क्रैप और लोहा कारोबारियों के नाम भी सामने आए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना में पकड़ी गई कई गाड़ियां लुधियाना और जालंधर के कारोबारियों से जुड़ी हुई हैं।
Source link

