जालंधर में लकड़ी फैक्टरी में लगी आग: फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां पहुंची, क्रेन से हटाई टिन शेड; छत से डाला पानी – Jalandhar News
जालंधर के गदाईपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक लकड़ी की फैक्टरी में बुधवार दोपहर आग लग गई। फैक्टरी में बड़ी मात्रा में सूखी लकड़ी मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। फैक्टरी पर टिन शेड होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, जिसके लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका है। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फैक्टरी से उठती भयंकर लपटों को देख स्थानीय निवासियों ने सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सुरक्षा के मद्देनजर दमकल विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। लोहे के शेड ने बढ़ाई दमकल कर्मियों की मुश्किल आग बुझाने में सबसे बड़ी बाधा फैक्टरी की छत पर लगा लोहे का टिन शेड बन रहा था। इसके कारण पानी की बौछारें सीधे आग के मुख्य स्रोत तक नहीं पहुंच पा रही थीं। समस्या को देखते हुए दमकल विभाग ने मौके पर क्रेन बुलाई। क्रेन की मदद से टिन शेड को काटकर हटाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मी क्रेन और सीढ़ियों के सहारे छत पर पहुंचे और ऊपर से सीधे पानी की बौछारें डालनी शुरू कीं। 10 गाड़ियों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल केंद्र से कुल 10 गाड़ियों को गदाईपुर भेजा गया। दमकल कर्मी लगातार पानी की रिफिलिंग कर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। लकड़ी के सुलगने के कारण आग बार-बार अंदर ही अंदर भड़क रही है, जिससे उसे पूरी तरह बुझाने में समय लग रहा है। खबर लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से जारी था। लाखों का सामान जलकर राख, कारणों की जांच शुरू भीषण अग्निकांड में फैक्टरी के अंदर रखी कीमती लकड़ी, तैयार माल और मशीनरी पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में फैक्टरी मालिक को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक पता नहीं चल सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग पूरी तरह बुझने के बाद मामले की विस्तृत जांच करेंगी।
Source link

