अबोहर बस स्टैंड की लॉटरी दुकान में चोरी: ताला तोड़कर 1.90 लाख का सामान और नकदी ले गए तीन युवक – Abohar News
अबोहर शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक लॉटरी की दुकान में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की लॉटरियां और नकदी से भरा बैग चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और
.
दुकान मालिक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह 18 जून की रात करीब 7:40 बजे अपनी दुकान बंद करके गए थे। करीब आधे घंटे बाद रात 8:10 बजे जब वह दोबारा दुकान पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि एक बैग गायब है, जिसमें लॉटरी टिकट और नकदी रखी हुई थी।
गुरप्रीत सिंह के अनुसार चोरी हुए बैग में लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य की लॉटरी टिकटें और करीब 40 हजार रुपये नकद थे। इस प्रकार चोर करीब 1.90 लाख रुपये का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने CCTV फुटेज देखी
घटना का पता चलने के बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में तीन युवक दुकान के आसपास घूमते दिखाई दिए। इनमें से दो युवक रात 8:01 बजे दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब चार मिनट के भीतर बैग उठाकर वहां से फरार हो गए।
वारदात के तुरंत बाद गुरप्रीत सिंह ने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है।
नगर थाना-1 के एसएचओ ने बताया कि लॉटरी विक्रेता की लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी और अन्य सामान बरामद कर लिया जाएगा।

