जम्मू तवी से मुंबई के लिए कल चलेगी समर स्पेशल: गर्मी की छुट्टियों में भारी भीड़ पर रेलवे का फैसला; लुधियाना सहित कई स्टेशनों पर स्टॉपेज – Pathankot News

जम्मू तवी से मुंबई के लिए कल चलेगी समर स्पेशल:  गर्मी की छुट्टियों में भारी भीड़ पर रेलवे का फैसला; लुधियाना सहित कई स्टेशनों पर स्टॉपेज – Pathankot News




गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू रेल मंडल ने यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है। रेलवे प्रशासन द्वारा जम्मू तवी से मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच एक विशेष सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन संख्या 04602 चलाने का फैसला किया गया है। इस ट्रेन के चलने से जम्मू-कश्मीर से पंजाब, दिल्ली और मध्य प्रदेश होते हुए महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को आसानी से कन्फर्म सीट मिल सकेगी। गाड़ी संख्या 04602 जम्मू तवी स्टेशन से 07 जून को रात साढ़े 12 बजे मध्यरात्रि मुंबई के लिए रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी। पूरी तरह से आरक्षित है ये ट्रेन
यह पूरी तरह से एक आरक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन है। इसमें बिना कन्फर्म आरक्षित टिकट के यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। यात्रियों से अनुरोध है कि सफर पर निकलने से पहले रेलवे की समय सारणी और अपनी सीट की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। यात्रियों के आरामदायक सफर के लिए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 21 आधुनिक कोच लगाए गए हैं। जिनमें फर्स्ट एसी कम्पोजिट के 2 कोच, थर्ड एसी के 12 कोच, सेकंड एसी स्लीपर का 1 कोच और दिव्यांग अनुकूल 2 कोच शामिल हैं। इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन अपनी लंबी दूरी के सफर के दौरान देश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। मार्ग में ये ट्रेन पठानकोट जंक्शन, जालंधर कैंट, लुधियाना जंक्शन, अंबाला कैंट, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, बीना जंक्शन, भोपाल जंक्शन, इटारसी जंक्शन, भुसावल जंक्शन, मनमाड जंक्शन, नासिक रोड, कल्याण जंक्शन तथा दादर में रुकेगी। इसके अलावा, यात्रियों की सहूलियत के लिए लुधियाना, अंबाला कैंट, आगरा कैंट, झांसी, भोपाल, इटारसी और भुसावल स्टेशनों पर ट्रेन की सीटीएस यानि सफाई व्यवस्था और पानी भरने के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि सफर में पानी या सफाई की कोई किल्लत न हो। भीड़ को कम करने के किए लिया फैसला
इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन को लेकर जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि गर्मियों के मौसम में उत्तर भारत से महाराष्ट्र की तरफ जाने वाले मुसाफिरों की तादाद काफी बढ़ जाती है। यात्रियों की इसी अतिरिक्त भीड़ को कम करने और उन्हें कन्फर्म बर्थ (सीट) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस ट्रेन की शुरुआत की जा रही है। यात्री सुरक्षा और उनकी सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस ट्रेन की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी स्टेशनों पर सूचना पट्ट, लाउडस्पीकर उद्घोषणा प्रणाली और मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। जम्मू मंडल भविष्य में भी यात्रियों की मांग और जरूरत के अनुसार ऐसी स्पेशल ट्रेनों का संचालन करता रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *