लुधियाना में नाबालिग इन्फ्लुएंसर ने मांगी माफी: गैंगस्टरवाद किया था प्रमोट, बोला-दब कर नहीं रहना,फिर हाथ जोड़े – Ludhiana News

लुधियाना में नाबालिग इन्फ्लुएंसर ने मांगी माफी:  गैंगस्टरवाद किया था प्रमोट, बोला-दब कर नहीं रहना,फिर हाथ जोड़े – Ludhiana News




लुधियाना में सोशल मीडिया पर गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने वाले वीडियो बनाना एक नाबालिग इन्फ्लुएंसर को महंगा पड़ गया। कुछ दिन पहले वायरल हुए एक वीडियो में गैंगस्टरवाद का महिमामंडन करने वाले किशोर को पुलिस ने ट्रेस कर लिया। कार्रवाई के बाद नाबालिग ने अपने साथियों सहित पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में इस तरह के वीडियो न बनाने का वादा किया। रख बाग में बनाया था वीडियो करीब तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में आकाश नाम का एक नाबालिग अपने साथियों के साथ इंटरव्यू देता दिखाई दिया। उसने बताया था कि वह और उसके दोस्त लुधियाना के रख बाग में गैंगस्टर थीम पर वीडियो बनाते हैं। वीडियो में आकाश ने कहा था कि उन्हें दिवंगत पंजाबी गायक के गैंगस्टर आधारित गीत पसंद हैं और वे उन्हीं गानों पर अधिकतर रील बनाते हैं। उसने दावा किया था कि लोगों का उन्हें काफी प्यार मिलता है, इसलिए वे ऐसे वीडियो बनाते हैं। ‘दबकर नहीं रहेंगे’, इलाके में दबदबा बनाने की कही थी बात वायरल वीडियो में नाबालिग ने कहा था कि वह किसी से दबकर नहीं रहेगा और यदि कोई उनसे उलझेगा तो उसे छोड़ेंगे नहीं। उसने हाथ में पहने कड़े का जिक्र करते हुए उसे धारदार बताया था। उसने यह भी कहा था कि उसके परिवार के लोग भी उसे ऐसा कड़ा पहनने की सलाह देते हैं। आकाश ने यह भी दावा किया था कि रख बाग में कुछ युवक उसे घूरते थे, जिसके बाद उसने गैंगस्टर गीतों पर वीडियो बनाना शुरू किया। उसने कहा था कि उसके माता-पिता ने उसे सिर उठाकर जीने और किसी से न डरने की सीख दी है। वीडियो में उसने पूरे इलाके में अपना दबदबा कायम करने, अपने दोस्तों को “बॉडीगार्ड” बताने और एक कुख्यात गैंगस्टर जैसा बड़ा नाम बनाने की इच्छा भी जाहिर की थी। इसके अलावा उसने प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जैसा शासन होने की बात भी कही थी। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वीडियो में दिखाई दे रहे नाबालिग व उसके साथियों की पहचान कर उन्हें तलाश लिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान नाबालिग और उसके साथियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। पुलिस के समक्ष रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में आकाश ने कहा कि उसने पिछले सप्ताह रख बाग से एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने जैसी बातें कही गई थीं। उसने कहा कि वह भविष्य में किसी भी प्रकार से गैंगस्टरवाद को प्रमोट नहीं करेगा। नाबालिग ने आम लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे वीडियो से दूर रहें। साथ ही उसने पुलिस प्रशासन और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए अपनी गलती के लिए क्षमा करने की अपील की। गैंगस्टर कल्चर पर पुलिस की सख्ती पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर गैंगस्टर संस्कृति, हथियारों और आपराधिक छवि का महिमामंडन करने वाले कंटेंट पर नजर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को इस तरह के कंटेंट से दूर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उधर, दूसरी तरफ पुलिस ने गैंगस्टरों की सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की हुई है। पुलिस ने 93946-93948 नंबर भी जारी किया है। पुलिस का दावा है कि सूचना देने वाली की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *