पठानकोट में सेवा-केंद्र कर्मचारियों की हड़ताल में पहुंचे अश्वनी शर्मा: बोले-वादा था रंगला पंजाब बनाने का, लेकिन ‘धरनालैंड’ बना दिया, आप सरकार पर साधा निशाना – Pathankot News
पठानकोट के सेवा केंद्र में पिछले कई दिनों से चल रही कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का समर्थन करने के लिए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पठानकोट से विधायक अश्वनी शर्मा अपने साथियों सहित धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने धूप और भीषण गर्मी में धरने पर बैठे सेवा केंद्र कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी जायज मांगों का पुरजोर समर्थन किया। इस दौरान अश्वनी शर्मा ने सूबे की आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
चुनाव से पहले किए वादे भूल गई मान सरकार
अश्वनी शर्मा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव से पहले भगवंत मान ने पंजाब की जनता और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे। उन्होंने कहा था कि सरकार बनने के बाद किसी भी वर्ग को अपनी जायज मांगों के लिए सड़कों पर नहीं उतरना पड़ेगा और न ही धरने लगाने पड़ेंगे। लेकिन आज धरातल पर हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। आज पंजाब का हर वर्ग चाहे वे कर्मचारी हों, किसान हों या आम जनता अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर है।
11 दिनों से तपती गर्मी में बैठें हैं कर्मचारी
अश्वनी शर्मा ने कहा कि सेवा केंद्र के कर्मचारी पिछले 11 दिनों से इस झुलसा देने वाली भीषण गर्मी में अपनी मांगों के हक में धरने पर बैठे हैं। इतने दिन बीत जाने के बाद भी सरकार या प्रशासन का कोई नुमाइंदा उनकी सुध लेने नहीं आया है, जो सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
सरकार ने पंजाब को बना दिया धरनालैंड
अश्वनी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को रंगला पंजाब बनाने का सपना दिखाया था, लेकिन आज उनके कुप्रबंधन के कारण पूरा पंजाब धरनालैंड में तब्दील हो चुका है। उन्होंने मांग की कि सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर तुरंत सेवा केंद्र के कर्मचारियों के साथ टेबल पर बैठकर बातचीत करनी चाहिए।
इन कर्मचारियों को सड़कों पर रहने के लिए मजबूर करने की बजाय इनकी सभी जायज मांगों का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को भी सेवा केंद्रों में बंद पड़े कामकाज के कारण हो रही दिक्कतों से राहत मिल सके।
Source link

