मोहाली में 10वीं मंजिल से गिरा बैंककर्मी, VIDEO: कुछ देर तड़पता रहा, फिर मौत; कानों में लगे हेडफोन, पास पड़ा पिट्ठू बैग – Kharar News
मोहाली में 10वीं मंजिल से गिरने से युवक की मौत।
मोहाली में बैंककर्मी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। टावर नंबर-3 की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई घटना।
.
लोगों का कहना है कि बैंककर्मी ऊपर से अचानक नीचे गिरा। उसके कानों में हेडफोन लगे हुए थे और पास पिट्ठू बैग पड़ा था। उसके पैरों में केबल वाले तार लिपटते हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान होशियारपुर के रहने वाले विक्रम सिंह के नाम से हुई। वह चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) में क्लर्क था। यहां पर अपनी बहन के पास एसबीपीपी नार्थ वैली में आया था।
युवक के गिरने के 2 PHOTOS देखिए:-
छात से नीचे गिरता हुआ युवक, जमीन से लगने के बाद वह करीब 3 फीट तक उछला।

नीचे पड़ा युवक, कुछ देर तक तड़पता रहा, इसके बाद उसने दम तोड़ दिया।
5 पॉइंट में जानिए पूरा मामला:-
- लोगों को सुनाई दी जोरदार आवाज: मामला बुधवार रात करीब 12:25 बजे का है। सोसाइटी में अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। यह सुनकर स्थानीय निवासी पार्किंग क्षेत्र की ओर पहुंचे। इस दौरान उन्हें एक युवक का शव पड़ा मिला। लोगों ने कहा कि युवक के कानों में हेडफोन लगे हुए थे।
- नेटवर्क केबल की चपेट में आ गया था: युवक के पास एक पिट्ठू बैग भी पड़ा था, जिसमें पानी की बोतल थी। उसका मोबाइल फोन जेब में सुरक्षित पाया गया और उसने चप्पल पहन रखी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक ऊपर से गिरते समय इमारत के बाहरी हिस्से से गुजर रही एक नेटवर्क केबल की चपेट में आ गया था। टक्कर लगने से केबल टूट गई और वह भी जमीन पर आ गिरी।
- दो बच्चों का पिता था युवक: सदर थाना खरड़ के ASI कुलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विक्रम सिंह के नाम से हुई। उसकी बहन सुनंदा फ्लैट नंबर 913 में 9वीं मंजिल पर रहती हैं। मृतक अपने परिवार के साथ सेक्टर-42 सी स्थित एसबीआई कॉलोनी में रहता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। पत्नी गृहिणी है। वह मूल रूप से होशियारपुर का रहने वाला था।
- बहन से मिलने के लिए सोसाइटी आया: पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक बुधवार शाम अपनी बहन से मिलने के लिए सोसाइटी आया था। बहन के अनुसार वह रात तक पूरी तरह सामान्य था। इसके बाद वह कब और कैसे बिल्डिंग के रूफटॉप पर पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
- बिल्डिंग की छत से नीचे गिरा: प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह बिल्डिंग की छत से नीचे गिरा था। हालांकि वह किन परिस्थितियों में गिरा, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा।

युवक के शव के पास पड़ा बैग।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर होगा खुलासा
सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब 2:15 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल खरड़ की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
——————————-
छत से नीचे गिरने से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें:-
दोस्तों से मिलने गया छात्र 13वीं मंजिल से गिरा, मौत: मोहाली के फ्यूचर हाइट्स सोसायटी में हादसा, एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ता था युवक

मोहाली की फ्यूचर हाइट्स सोसायटी में 20 वर्षीय छात्र की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खरड़ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पढ़ें पूरी खबर

