हंडियाया नगर पंचायत में विजिलेंस की रेड: बरनाला में डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों की जांच, रिकॉर्ड कब्जे में लिया – Barnala News
बरनाला में विजिलेंस ब्यूरो ने नगर पंचायत हंडियाया के दफ्तर में बड़ी छापेमारी की है। यह कार्रवाई दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई, जिसकी पुष्टि देर शाम विजिलेंस अधिकारियों ने की। इस कार्रवाई के बाद से दफ्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने इस रेड की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग को एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर यह अचानक चेकिंग की गई है। इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने जानकारी दी कि पिछले समय के दौरान नगर पंचायत हंडियाया के अधीन आने वाले इलाके में करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इंटरलॉक टाइल्स लगाने और अन्य विकास कार्य किए गए थे। विभाग को मिली थी शिकायत विभाग को शिकायत मिली थी कि इन कामों में नियमों को ताक पर रखकर घटिया क्वालिटी और खराब मैटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर विजिलेंस की टीम ने रिकॉर्ड कब्जे में लेने के लिए यह रेड की है। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल दफ्तर के सभी जरूरी कागजात और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके तुरंत बाद मौके पर जाकर सड़कों और टाइल्स की सैंपलिंग ली जाएगी, ताकि मैटेरियल की असलियत सामने आ सके। जांच में अगर कोई भी अधिकारी या ठेकेदार दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून (भ्रष्टाचार एक्ट) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच लंबी चल सकती है, इसलिए अभी इससे ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
Source link

