कपूरथला में काली बेई से मिला युवक का शव: परिजनों ने खेत मालिकों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप, पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार – Kapurthala News
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी उपमंडल के गांव अहली कलां के एक युवक लवप्रीत सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसका शव काली बेई में मिला है। लवप्रीत सिंह खेत में मजदूरी करता था। परिवार ने खेत मालिकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लवप्रीत सिंह को काम करने की जगह पर अक्सर पीटा जाता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के अनुसार, इन्हीं परेशानियों के चलते वह लंबे समय से दबाव और मानसिक तनाव में था। परिजन बोले- लवप्रीत ने दुर्व्यवहार के बारे में बताया था परिजनों ने बताया कि लवप्रीत ने कई बार अपने साथ हो रहे दुर्व्यवहार के बारे में बताया था, लेकिन गरीबी और मजबूरी के कारण वह काम नहीं छोड़ पा रहा था। बेई नदी में शव मिलने के बाद परिवार ने मामले की पूरी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना के बाद गांव में लोग निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
Source link

