लुधियाना में लेडी ASP को ट्रक ने कुचला: सड़क पार कर रहे व्यक्ति से टकराकर बाइक से गिरीं थीं; पति की पहले ही मौत हो चुकी – Ludhiana News

लुधियाना में लेडी ASP को ट्रक ने कुचला:  सड़क पार कर रहे व्यक्ति से टकराकर बाइक से गिरीं थीं; पति की पहले ही मौत हो चुकी – Ludhiana News


तेज रफ्तार ट्रक ने महिला कर्मी को कुचल दिया।

लुधियाना के पास हंबड़ा इलाके में बाइक से सड़क पर गिरी एक महिला सरकारी कर्मचारी को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। इससे कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान रवीता (51) के रूप में हुई है। वह लुधियाना में बहादुरके रोड की रहने वाली थीं।

.

वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार थीं। रोड पर जाते समय सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति उनकी बाइक से टकरा गया, जिससे रवीता बाइक से रोड पर गिर पड़ीं और पीछे से आ रहा ट्रक उनकी खोपड़ी को कुचलता निकल गया।

रवीता जगराओं के डाकघर में बतौर असिस्टेंट पोस्टल सुपरिटेंडेंट (ASP) अपनी सेवाएं दे रही थीं। जानकारी के अनुसार, रवीता के पति नहीं हैं। करीब 10 साल पहले उनकी मौत हो गई। वह अपनी इकलौती बच्ची की अकेले ही परवरिश कर रही थीं। बेटी भी करीब 25 साल ही है। इस हादसे के बाद बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है।

हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई थी।

सहकर्मी के साथ बाइक पर थी रवीता

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब रवीता अपने एक साथी कर्मचारी आकाशदीप सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ड्यूटी के लिए जगराओं जा रही थीं। आकाशदीप सिंह सिद्धवां बेट डाकघर में तैनात हैं।

जब दोनों लुधियाना से सिद्धवां बेट की ओर जाते हुए हंबड़ा में HDFC बैंक के सामने पहुंचे तो अचानक एक व्यक्ति भागकर सड़क पार करने लगा। वह व्यक्ति सीधे मोटरसाइकिल से आ टकराया। इस अचानक हुई टक्कर के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी रवीता सीधा सड़क पर जा गिरीं।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (HR62-5787) ने सड़क पर गिरी रवीता को बुरी तरह से कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि रवीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथ यात्रा कर रहे कर्मचारी आकाशदीप सिंह इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।

51 वर्षीय रवीता अपनी बेटी के साथ रही थीं। - फाइल फोटो

51 वर्षीय रवीता अपनी बेटी के साथ रही थीं। – फाइल फोटो

पुलिस CCTV खंगाल रही

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी हंबड़ा के इंचार्ज प्रितपाल सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल से ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, कोई शिकायत न मिलने के कारण ट्रक ड्राइवर को छोड़ दिया।

चौकी इंचार्ज ने बताया कि हादसे के सही कारणों और पूरी घटना की बारीकी से जांच करने के लिए HDFC बैंक के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। फुटेज देखने के बाद ही हादसे की असली तस्वीर साफ हो पाएगी।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

॰॰॰॰॰॰॰

यह खबर भी पढ़ें…

जालंधर में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, परखच्चे उड़े; एयरबैग खुले

जालंधर के चिक्की चौक पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग भी खुल गए। गनीमत यह रही कि किसी की जान नहीं गई और कार ड्राइवर सुरक्षित है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *