फरीदकोट में पेट्रोल पंप कर्मियों पर हमले से भड़के डीलर: 9 नामजद में सिर्फ एक गिरफ्तारी, 15 जून को दो घंटे बंद रहेंगे पंप – Faridkot News
फरीदकोट में पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने कुछ दिन पहले ओल्ड कैंट रोड स्थित पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी व कर्मियों पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस घटना में पेट्रोल पंप के दो कर्मचारी घायल हो गए थे और सिटी फरीदकोट पुलिस ने इस मामले में 9 नामजद तथा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ इरादा कत्ल समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि घटना के बाद अब तक केवल एक आरोपी की ही गिरफ्तारी हो सकी है, जिससे पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों में भारी रोष है। शनिवार शाम फरीदकोट ऑफिसर क्लब में पेट्रोलियम एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक सच्चर के नेतृत्व में पेट्रोलियम डीलरों की ब्लॉक स्तरीय बैठक के दौरान सर्वसम्मति से 15 जून 2026 सोमवार को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे की हड़ताल करने का फैसला लिया गया। गिरफ्तारी कराने को एसएसपी व डीसी से मुलाकात कर चुके है-जिलाध्यक्ष इस मामले में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक सच्चर ने बताया कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी और डिप्टी कमिश्नर से भी मुलाकात कर चुका है तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link

