हरियाणवी कलाकार पेप्सी शर्मा का निधन: 38 की उम्र में दिल का दौरा पड़ा; स्टेज पर नागिन डांस में सपना चौधरी को हरा दिया था – Sonipat News
हरियाणवी लोक कलाकार व रागनी गायक पेप्सी शर्मा का निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि अचानक सीने में दर्द उठने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पेप्सी शर्मा 38 साल के थे। उनके 10 साल की बेटी व 7 साल का बेटा है। उनका असली नाम यशपाल शर्मा था, लेकिन स्टेज पर पेप्सी शर्मा के नाम से मशहूर हुए। मूलरूप से गाजियाबाद के पतला गांव के थे। हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश व दिल्ली एनसीआर में स्टेज परफॉर्मेंस के जरिये खास पहचान बनाई। हरियाणा में गोशालाओं में होने वाले रागनी कंपीटिशन में उनकी खास भूमिका रहती थी। उनकी पहचान केवल एक गायक के रूप में ही नहीं बल्कि मंच पर अपने मजाकिया अंदाज और कॉमिक टाइमिंग के लिए भी थी। वे रागिनी कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों को हंसाने और मनोरंजन करने की अनोखी कला रखते थे। मशहूर हरियाणवी स्टेज परफॉर्मर सपना चौधरी के साथ उनके कई कार्यक्रम हुए। एक बार स्टेज पर नागिन डांस में उन्होंने सपना चौधरी को भी हरा दिया था। यह वीडियो एक म्यूजिक कंपनी ने बकायदा रिलीज किया। जिसमें 6 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे। पेप्सी शर्मा के निधन पर हरियाणवी कलाकारों ने गहरा शोक जताया है। पेप्सी शर्मा के बारे में जानिए… मंच से लेकर टीवी तक बनाई पहचान हरियाणवी रागिनी गायक यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा ने अपनी गायकी के दम पर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई। उन्होंने स्टार प्लस के चर्चित कार्यक्रम “यह दिल है हिंदुस्तानी” में भी प्रस्तुति दी थी। इसके अलावा “अरे ओ मेरी जान राधा” और बिंदास चैनल के कार्यक्रमों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिख्यै से फेमस हुए पेप्सी शर्मा ने हरियाणवी संगीत जगत की प्रसिद्ध कलाकारों के साथ लंबे समय तक काम किया। उन्होंने हरियाणवी डांसर एवं गायिका सपना चौधरी के साथ कई लाइव स्टेज शो किए, जबकि हरियाणवी गायिका राजबाला के साथ भी अनेक रागनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी गायकी का जादू बिखेरा। पेप्सी शर्मा की कई रागनी खूब पसंद की गई। खासकर पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिख्यै बहुत हिट हुई। इस रागनी पर सपना चौधरी ने कई स्टेज पर परफॉर्म किया। इस पर 15 मिलियन से ज्यादा व्यूज आए थे। घरवालों को बिना बताए गाना शुरू किया, टीवी से पता चला पेप्सी शर्मा के भाई ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले पेप्सी ने घरवालों का बताए बिना गाना शुरू किया। जब पहली बार उनका कार्यक्रम टेलीविजन पर प्रसारित हुआ, तब परिवार और रिश्तेदारों को अन्य लोगों के माध्यम से पता चला। तब तक यशपाल शर्मा हरियावी गायक के रूप में पहचान बना चुके थे। छह भाइयों में सबसे छोटे थे पेप्सी शर्मा यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा छह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके एक भाई अध्यापक हैं, जबकि अन्य भाई विभिन्न व्यवसायों से जुड़े हुए हैं। परिवार के बीच रहते हुए भी उन्होंने अपनी अलग पहचान संगीत की दुनिया में बनाई और हरियाणवी लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। बचपन से था गायकी और हरियाणवी संस्कृति से लगाव पेप्सी शर्मा को बचपन से ही गायन का शौक था। उत्तर प्रदेश के होने के बावजूद उन्हें विशेष रूप से हरियाणवी गीतों और लोक संस्कृति से गहरा लगाव था। यही कारण रहा कि उन्होंने अपने अधिकांश गीत और प्रस्तुतियां हरियाणवी भाषा में दीं। अपनी दमदार आवाज और पारंपरिक रागनियों के कारण वे हरियाणा के लोक संगीत प्रेमियों के बीच एक लोकप्रिय नाम बन गए।
Source link

