सीएम मान की छवि बिगाड़ने की साजिश पर सड़कों पर उतरी ‘आप’ – Ludhiana News
भास्कर न्यूज |लुधियाना पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की छवि को सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने और उनका फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की साजिशों के खिलाफ शनिवार को महानगर में सियासी उबाल देखने को मिला। आम आदमी पार्टी की पूरी जिला लीडरशिप, विधायकों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाई वाला चौक पर राज्य स्तरीय बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आप नेताओं ने विपक्षी पार्टियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का फर्जी वीडियो बनाने व उसे फैलाने वाले असली दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मौजूद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने संयुक्त रूप से कहा कि विपक्षी दल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख घबरा गए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान होकर कुछ राजनीतिक दल अब फर्जी वीडियो और झूठे प्रोपेगैंडा के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब के लोग विपक्ष के इस गुमराह करने वाले एजेंडे को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। आम आदमी पार्टी राज्य की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी घटिया साजिशों के आगे कभी नहीं झुकेगी। इस विशाल रोष प्रदर्शन में लुधियाना के लगभग सभी प्रमुख आप विधायक और संगठन के बड़े चेहरे शामिल हुए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से:विधायक मदन लाल बग्गा, अशोक पराशर (पप्पी), कुलवंत सिंह सिद्धू, राजिंदरपाल कौर छीना, सरबजीत कौर मानूके और के.एन.एस. कंग, जिला अध्यक्ष जतिंदर सिंह खंगूडा, जिला अध्यक्ष (देहाती) तेजपाल सिंह गिल, लोकसभा प्रभारी शरणपाल सिंह मक्कड़, मेयर इंद्रजीत कौर, डिप्टी मेयर राकेश पराशर और अजिंदर पाल कौर सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस आईटी क्रिमिनल और फेक वीडियो कांड के पीछे छिपे असली चेहरों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर किसी जनप्रतिनिधि को बदनाम करने की हिम्मत न कर सके। प्रदर्शन में पुनीत साहनी, चनप्रीत सिंह लांबा, अजय मित्तल, दविंदर शेरपुरी, रवि सचदेवा और राजविंदर सिंह खालसा सहित भारी संख्या में समर्थक मौजूद थे।
Source link

