लुधियाना में बदमाशों ने कार जलाई,VIDEO: गाड़ी को आग के हवाले कर घर के बाहर लगाया ताला, शीशे तोड़कर पेट्रोल छिड़का – Ludhiana News
लुधियाना के हिम्मत सिंह नगर इलाके में देर रात बदमाशों ने एक घर के बाहर खड़ी वरना कार को आग के हवाले कर दिया। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर का ताला बाहर से लगा दिया, ताकि परिवार के सदस्य बाहर न निकल सकें। इसके बाद कार का शीशा तोड़कर उसमें पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एक्टिवा पर आए बदमाश जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक्टिवा सवार दो युवक घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने पहले घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद बाहर खड़ी वरना कार का शीशा तोड़ा, उसमें पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। घटना के समय परिवार था घर में मौजूद-मालिक मनप्रीत कार मालिक मनप्रीत सिंह ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। बदमाशों ने बाहर से ताला लगा दिया था, जिससे वे तुरंत बाहर नहीं निकल सके। जब तक किसी तरह बाहर आए, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इलाके में हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link

