अबोहर में 12 फुट गहरी खाई में मिली क्षतिग्रस्त कार: वीडियो वायरल होने के बाद पहुंची पुलिस, हादसा या सजिश- की जा रही जांच – Abohar News
अबोहर के समीपवर्ती गांव मोड़ी खेड़ा के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राहगीरों ने 12 फुट गहरी खाई में एक क्षतिग्रस्त वरना (Verna) कार पड़ी देखी। कार की हालत देखकर राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने
.
पुलिस द्वारा कार के नंबर की शुरुआती जांच करने पर पता चला है कि यह वाहन नवीन कुमार नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। वहीं जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि राहुल नाम का एक व्यक्ति इस कार को अपने साथ लेकर गया था। हालांकि, राहुल इस समय कहां है, यह कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में कैसे पहुंची और इसके पीछे की मुख्य वजह क्या थी—यह सब अभी पुलिस जांच का मुख्य विषय बना हुआ है।
साजिश की आशंका: दुर्घटना या जानबूझकर खाई में धकेली गई कार?
कार की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों में आशंका जताई जा रही है कि पहले कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया और फिर साक्ष्य मिटाने या किसी अन्य मंशा से उसे 12 फुट गहरी खाई में धकेल दिया गया। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक किसी भी एक संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह कोई सड़क हादसा था, आपसी रंजिश का मामला था या फिर किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया है। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की खबर भी सामने नहीं आई है।
पुलिस को नहीं मिली कोई शिकायत, गहनता से पड़ताल जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि पूरी घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक पुलिस के पास गाड़ी चोरी होने, गुमशुदगी या किसी आपसी झगड़े से जुड़ी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
उधर, थाना बहाववाला के प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि कार मालिक नवीन कुमार और राहुल से जुड़े तमाम पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गहन जांच पूरी होने के बाद ही मामले का पूरा सच सामने आ पाएगा।

