पठानकोट में हाई अलर्ट के बीच चोरी: सुजानपुर पुल नंबर-4 पर दुकान के ताले तोड़े; हजारों की नकदी-सामान उड़ाया – Pathankot News
पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर सुजानपुर के पुल नंबर-4 के पास स्थित एक परचून व बीड़ी-सिगरेट की दुकान में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इलाके में पुलिस गश्त के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान के मुख्य ता
.
चोरों ने गल्ले में रखी हजारों रुपए की नकदी और दुकान में रखा महंगा सामान समेटा और आसानी से रफूचक्कर हो गए। सुबह जब इस घटना का पता चला तो आसपास के दुकानदारों में दहशत और भारी रोष फैल गया। पीड़ित के मुताबिक चोरी की इस वारदात से उनका लगभग ₹50,000 से ₹60,000 का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।
सुबह 6 बजे परिचित के फोन से चला चोरी का पता
दुकान मालिक सोनू निवासी सुजानपुर ने बताया कि रोजाना की तरह वे रात को अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह करीब 6 बजे उन्हें एक परिचित का फोन आया, जिसने सूचना दी कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं और शटर आधा खुला पड़ा है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि ताले नीचे टूटे पड़े थे और दुकान का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था।
गल्ले से नकदी और बीड़ी-सिगरेट का पूरा स्टॉक ले उड़े चोर
पीड़ित दुकानदार सोनू ने दुकान के अंदर सामान खंगाला तो पता चला कि गल्ले (कैश काउंटर) में रखी करीब ₹7,000 से ₹8,000 की नकद राशि गायब थी। इसके अलावा दुकान में बिक्री के लिए रखे बीड़ी और सिगरेट के सारे महंगे पैकेट भी चोर उठा ले गए। पीड़ित सोनू ने बताया कि कुल मिलाकर उन्हें ₹50,000 से ₹60,000 तक का वित्तीय नुकसान हुआ है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, दुकानदारों ने की नाइट गश्त बढ़ाने की मांग
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस पीसीआर टीम को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा नेशनल हाईवे और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की आवाजाही का सुराग मिल सके।
उधर, पीड़ित सोनू व स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाईवे क्षेत्र में रात्रि गश्त को और मजबूत किया जाए तथा चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सामान बरामद किया जाए।

