भीषण गर्मी के बीच ट्रेनें हो रही लेट, दिल्ली- जालंधर रूट की कई ट्रेनें रद्द, रूट डायवर्ट – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर एक तरफ देश भर में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं, शादियों का सीजन चरम पर है ऐसे में लोग बड़ी संख्या में यात्राएं कर रहे हैं। लेकिन रेलवे की अव्यवस्था और लेत-लतीफी ने यात्रियों के सफर के मजे को किरकिरा कर दिया है। दिल्ली से जालंधर आने और यहां से जाने वाली मुख्य रेलगाडिय़ां घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे इस भीषण गर्मी में रेल यात्रियों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जालंधर रेलवे स्टेशन पर उस समय यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया, जब अमृतसर से दिल्ली के बीच चलने वाली 14680 इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से घंटों लेट हो गई। इस ट्रेन का जालंधर पहुंचने का नियमित समय सुबह 7:20 बजे था, लेकिन यह 7 से 8 घंटे की भारी देरी से दोपहर लगभग 2:00 बजे जालंधर स्टेशन पहुंची। चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम में छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ स्टेशन पर इंतजार करना यात्रियों के लिए किसी सजा से कम नहीं रहा। यात्री बोले-गर्मी से बचाव के पुख्ता इंतजाम हों मौसम के इस बदलते मिजाज और शादियों के सीजन में ट्रेनों के इस शेड्यूल ने आम जनता को बेहाल कर दिया है। रमेश कुमार, सोहन लाल, सुभाष, राम लुभाया व अन्य यात्रियों ने कहा कि एक तो गर्मी के कारण स्टेशन पर बैठना मुश्किल है दूसरा ट्रेन 7 से 8 घंटे की दरे से चल रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे को गर्मियों के सीजन को देखते हुए अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे, ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को घंटों स्टेशनों पर इस गर्मी में न तपना पड़े।
Source link

