फाजिल्का के कैलाश नगर में घर में लगी आग: बुजुर्ग महिला अकेली थीं मौजूद, लाखों रुपए का सामान जला – Fazilka News

फाजिल्का के कैलाश नगर में घर में लगी आग:  बुजुर्ग महिला अकेली थीं मौजूद, लाखों रुपए का सामान जला – Fazilka News




फाजिल्का के कैलाश नगर की गली नंबर-4 स्थित एक मकान में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर में एक बुजुर्ग महिला अकेली मौजूद थीं। घर से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और राहत कार्य शुरू करते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई किए जाने से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की वजह से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मकान मालिक बोले- मैं बैंक गया था मकान मालिक आशू गांधी ने बताया कि वह किसी जरूरी काम से बैंक गए हुए थे, जबकि उनकी माता घर पर अकेली थीं। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग की घटना में घर का एसी, बैड, अलमारी, फर्नीचर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *