पठानकोट पहुंची DG आरपीएफ ने किया सिक्योरिटी रिव्यू: अमरनाथ यात्रा को लेकर GRP-RPF अधिकारियों संग की बैठकें, किया निरीक्षण – Pathankot News
3 जुलाई को शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की डीजीपी सोनाली मिश्रा ने शुक्रवार को पठानकोट कैंट और पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशनों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों स्टेशनों पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीजीपी सोनाली मिश्रा झेलम एक्सप्रेस से पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां उन्होंने करीब आधे घंटे तक स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद वह पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचीं और वहां आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस तथा एंटी सेबोटाज टीम के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सीसीटीवी सहित सुरक्षा संबंधी अन्य प्रबंधों की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान डीजीपी मिश्रा ने स्टेशन परिसरों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, निगरानी व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी अन्य प्रबंधों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं भी कोई कमी या तकनीकी समस्या सामने आती है तो उसका प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीजीपी ने कहा कि पठानकोट का भौगोलिक महत्व अत्यंत विशेष है, क्योंकि यह पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का संगम स्थल है। ऐसे में यहां स्थित रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों स्टेशनों पर प्रतिदिन हजारों यात्री आवाजाही करते हैं, इसलिए सुरक्षा के किसी भी पहलू में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद डीजीपी सोनाली मिश्रा सड़क मार्ग से जम्मू के लिए रवाना हो गईं, जहां उन्होंने आगे रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण करना था। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उच्च स्तरीय निरीक्षण से सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
Source link

