फतेहगढ़ साहिब में जिंदा व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार: पिता का डेथ सर्टिफिकेट लेने गया था बेटा; ANM ने लिपिकीय त्रुटि बताया – Khanna News
फतेहगढ़ साहिब में सरकारी रिकॉर्ड में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक जीवित व्यक्ति को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव अंबेमाजरा का है। हरविंदर सिंह अपने दिवंगत पिता केसर सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र लेने सरकारी कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन विभाग ने उनके पिता की जगह हरविंदर सिंह के नाम का ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया। पहचान संबंधी कार्यों में होगी परेशानी अपने ही नाम का मृत्यु प्रमाण पत्र देखकर हरविंदर सिंह और उनका परिवार हैरान रह गया। परिवार का कहना है कि यदि इस गलती का समय रहते पता न चलता, तो उन्हें भविष्य में बैंकिंग, संपत्ति और पहचान संबंधी कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था। परिजनों ने मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना सरकारी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठा रही है, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एएनएम ने लिपिकीय त्रुटि बताया वहीं दूसरी ओर, डिस्पेंसरी में तैनात एएनएम हरजोत कौर ने इसे एक लिपिकीय त्रुटि बताया है। उन्होंने कहा कि दस्तावेज तैयार करते समय तकनीकी गलती हुई थी। मामला संज्ञान में आते ही इसे ठीक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही सही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा।
Source link

