बरनाला में बीएससी नर्सिंग छात्रा की हार्ट अटैक से मौत: फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में करती थी पढ़ाई, छुट्टियों में आई थी अपने घर – Barnala News

बरनाला में बीएससी नर्सिंग छात्रा की हार्ट अटैक से मौत:  फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में करती थी पढ़ाई, छुट्टियों में आई थी अपने घर – Barnala News




बरनाला जिले के विधानसभा क्षेत्र महल कलां के अंतर्गत आते गांव सहिजड़ा से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय होनहार बीएससी नर्सिंग की छात्रा का अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से निधन हो गया। इतनी कम उम्र में छात्रा की अचानक मौत से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत रछमिंदर कौर फरीदकोट स्थित श्री गुरु हरगोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज से बीएससी (B.Sc) नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। छुट्टियों में घर आई थी होनहार बेटी पूर्व सैनिक कल्याण संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मेजर सूबेदार जरनैल सिंह सहिजड़ा ने बताया कि रछमिंदर कौर स्वर्गीय कृष्ण सिंह की पुत्री थीं। वह पढ़ाई में शुरू से ही बेहद होनहार और मेहनती थीं। इससे पहले उन्होंने मालवा नर्सिंग महाविद्यालय महल कलां से जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) का कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया था। इन दिनों शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां होने के कारण रछमिंदर कौर अपने गांव सहिजड़ा आई हुई थीं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि सुबह तक वह पूरी तरह स्वस्थ थीं और हंसते-खेलते अपने रोजमर्रा के कामकाज में व्यस्त थीं। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और पल भर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। गांव में पसरा सन्नाटा, गम में डूबा हर दिल रछमिंदर कौर की इस अचानक और असामयिक मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। गांव के लोगों ने नम आंखों से बताया कि रछमिंदर बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव की बेटी थी और उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल था। इस वज्रपात से टूटे परिवार को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंच रहे हैं। इस बेहद दुखद घटना पर गांव के सरपंच बलविंदर सिंह बाजवा, आम आदमी पार्टी के नेता गुरजीत सिंह धालीवाल, मनजीत सिंह बाजवा, किसान नेता जगपाल सिंह सहिजड़ा, बलविंदर सिंह बिंदु, मिस्त्री सतनाम सिंह, अवतार सिंह तारा, क्लब अध्यक्ष जरनैल सिंह, महिंदर सिंह तथा बिंदा सिंह सहित इलाके की तमाम राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *