फरीदकोट में प्रेम विवाह करने पर बेटी को काटा: पति बचकर भागा, रास्ते में घेर किया हमला, ढाई माह पहले गांव के युवक से की थी शादी – Faridkot News

फरीदकोट में प्रेम विवाह करने पर बेटी को काटा:  पति बचकर भागा, रास्ते में घेर किया हमला, ढाई माह पहले गांव के युवक से की थी शादी – Faridkot News




फरीदकोट जिले के गांव बुर्ज हरिका से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपने ही गांव के युवक से प्रेम विवाह करने वाली 20 वर्षीय युवती महकप्रीत कौर की उसके परिजनों द्वारा निर्मम हत्या कर शव खेतों में फेंकने का आरोप लगा है। मंगलवार को युवती का शव कोटकपूरा के पास अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के किनारे खेतों से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट भेज दिया है।
रास्ते में घेरा, पति भागने में सफल जानकारी के मुताबिक, महकप्रीत कौर ने करीब ढाई महीने पहले 4 मई को गांव के ही युवक जगदीप सिंह से अपनी मर्जी से विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बठिंडा के गांव भगता भाईका में रह रहे थे। सोमवार देर शाम जब दोनों मोटरसाइकिल पर कोटकपूरा आ रहे थे, तभी नेशनल हाईवे के पास रास्ते में महकप्रीत के परिजनों ने उन्हें घेर लिया। हमले के दौरान जगदीप सिंह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा, लेकिन लड़की को परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सड़क किनारे खेतों में फेंक दिया गया।
भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम पहुंची मौके पर घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटकपूरा के डीएसपी संजीव कुमार, डीएसपी (डी) अवतार सिंह राजपाल और थाना सिटी कोटकपूरा के एसएचओ सुखविंदर सिंह सीआईए स्टाफ सहित पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। बारीकी से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। डीएसपी (डी) अवतार सिंह राजपाल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के परिजन इस प्रेम विवाह से बेहद नाराज थे और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *