अमृतसर के हर्षरम ने एशियन जूनियर जूडो में जीता कांस्य: जॉर्डन में पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में दिखाया दम, 4 देशों के खिलाड़ियों को चटाई धूल – Amritsar News
जॉर्डन में आयोजित एशियन कैडेट एंड जूनियर जूडो चैंपियनशिप में कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले अमृतसर के उभरते जूडो खिलाड़ी हर्षरम का स्वदेश लौटने पर भव्य अभिनंदन किया गया। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमृतसर) पर ढोल-नगाड़ों, फूलों की मालाओं और देशभक्ति के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान जूडो एसोसिएशन के पदाधिकारी, कोच, खेल प्रेमी और परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हर्षरम का यह पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट था, जिसमें उन्होंने अपनी श्रेणी में करीब 20 खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 5 में से 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की। किर्गिस्तान, ताइपे, उज्बेकिस्तान, फिलिस्तीन इन चारों देशों के प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर उन्होंने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। हर्षरम वर्तमान में बेंगलुरु स्थित प्रतिष्ठित इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट (IIS) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 4 साल की कड़ी मेहनत और रोज 8 घंटे का अभ्यास मीडिया से बातचीत करते हुए हर्षरम ने अपनी सफलता का श्रेय पिता इंस्पेक्टर पवन कुमार और अपने कोच करमजीत सिंह के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। कोच करमजीत सिंह का कहना है कि हर्षरम को 2022 से तैयार किया जा रहा है। वह प्रतिदिन करीब आठ घंटे जी-तोड़ अभ्यास करते हैं। अमृतसर की धरती ने पहले भी देश को कई बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं, और हर्षरम की यह जीत आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। “पंजाब के लिए गर्व का क्षण, अगले साल लाएंगे गोल्ड” जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष जतिंदर कुमार ने हर्षरम और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 4 साल के कठिन परिश्रम के बाद मिली यह सफलता पूरे पंजाब के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हर्षरम आगामी प्रतियोगिताओं में देश के लिए स्वर्ण पदक (गोल्ड) जरूर जीतेंगे।
Source link

