अमृतसर में बिक्रम मजीठिया के घर पहुंची पुलिस: 12 विशेष टीमें गठित, कल थाने के बाहर किया था हंगामा; हिरासत से आरोपी को जबरन छुड़वाया – Amritsar News
अमृतसर के मजीठा थाना हमले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी के लिए 12 विशेष टीमों का गठन किया है। वहीं सोमवार को पंजाब पुलिस शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के घर पहुंची। दरअसल, रविवार को मजीठिया की अगुवाई में बड़ी संख्या में समर्थक मजीठा थाने पहुंचे थे। इस दौरान थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की हिरासत में मौजूद एक व्यक्ति को जबरन छुड़वा लिया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई। टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं और मामले से जुड़े आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। एफआईआर के आधार पर आरोपियों की पहचान जारी पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी उद्देश्य से 12 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हुई हैं और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में अगली बड़ी कार्रवाई करती है।
Source link

