जालंधर में नीट रद्द के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका, लक्की संधू बोले- मामले की निष्पक्ष जांच हो – Jalandhar News

जालंधर में नीट रद्द के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:  केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका, लक्की संधू बोले- मामले की निष्पक्ष जांच हो – Jalandhar News




जालंधर में नीट पेपर रद्द मामले को लेकर जिला यूथ कांग्रेस प्रधान लक्की संधू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में देशभर में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। ऐसी स्थिति में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ यूथ कांग्रेस प्रधान लक्की संधू ने मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में देश में कई बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आ चुके हैं। सरकार हर बार बड़े दावे करती है, लेकिन इन घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हुई है। लक्की संधू ने कहा कि देश के लाखों छात्र दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके माता-पिता भी अपनी मेहनत की कमाई बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं। वहीं जब पेपर लीक हो जाता है या परीक्षा रद्द करनी पड़ती है, तो छात्रों की वर्षों की मेहनत और उनके सपनों पर पानी फिर जाता है। यह युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सीबीआई (CBI) जैसी एजेंसियां केंद्र सरकार के अधीन काम करती हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर संदेह बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि हर बार की तरह इस बार भी मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश हो सकती है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे छात्रों के हितों की इस लड़ाई को जारी रखेंगे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामले से जुड़े सभी आरोपियों और कथित शिक्षा माफिया को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा देने और प्रभावित छात्रों को जल्द न्याय दिलाने की मांग भी की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *