बरनाला में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत: साथी फरार, मृतक की मां बोली- समय पर अस्पताल पहुंचाता तो बच जाती जान – Barnala News

बरनाला में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत:  साथी फरार, मृतक की मां बोली- समय पर अस्पताल पहुंचाता तो बच जाती जान – Barnala News




बरनाला जिले के ठुल्लीवाल थाना पुलिस ने नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत के मामले में उसके साथी और एक अज्ञात नशा तस्कर के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई मृतक की मां की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव छीनीवाल कलां निवासी सरबजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा गुरवीर सिंह गांव के सुखचैन सिंह के साथ बरनाला गया था। आरोप है कि वहां से दोनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति से नशीला पदार्थ खरीदा। इसके बाद उन्होंने अमला सिंहवाला ड्रेन के पास जाकर इसका सेवन किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, नशा करने के कुछ समय बाद गुरवीर सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसकी गंभीर हालत देखकर सुखचैन सिंह उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। समय पर उपचार न मिलने के कारण गुरवीर सिंह की मौत हो गई। मृतक की मां बोली- बच सकती थी जान मृतक की मां ने आरोप लगाया कि यदि सुखचैन सिंह उनके बेटे को तुरंत अस्पताल पहुंचाता या परिवार को सूचित करता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की मौत सुखचैन सिंह की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण हुई है। साथ ही, नशीला पदार्थ बेचने वाला अज्ञात व्यक्ति भी इस घटना के लिए जिम्मेदार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ठुल्लीवाल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फरार आरोपी सुखचैन सिंह की तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा, नशीला पदार्थ बेचने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए भी जांच जारी है। पुलिस क्षेत्र में नशा तस्करी और नशे के सेवन से होने वाली मौतों को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *