मोगा में पुरानी रंजिश में युवक पर हमला: पत्नी और बच्चों के सामने घेरकर पीटा, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर – Moga News
मोगा के मैहना थाना क्षेत्र के गांव रामूवाला हरचोका में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान रामूवाला कलां निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। सहायक थानेदार सुखपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर रूप सिंह, जसकरण सिंह, आकाश, बसंत सिंह उर्फ रिंकू (सभी रामूवाला कलां निवासी) और 3-4 अज्ञात हथियारबंद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित बोला- हम धान की रोपाई कर रहे थे शिकायतकर्ता रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसका बसंत सिंह और उसके साथियों से विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी उससे दुश्मनी रखते थे। घटना वाले दिन रणजीत सिंह अपनी पत्नी करमजीत कौर और दो छोटे बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर गांव दौधर में धान की रोपाई के काम के लिए जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने बसंत सिंह के कहने पर उसे घेर लिया और हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने रणजीत सिंह की जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मैहना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

