मोगा में शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग: वारदात से पहले काटी बिजली, दहशत फैलाने के आरोप में 6 पर केस, पिस्तौल समेत 1 काबू – Moga News




मोगा के बाघापुराना के गांव जीता सिंह वाला में एक शराब ठेके की दुकान पर सरेआम फायरिंग करने, जान से मारने की धमकी देने और इलाके में दहशत फैलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बाघापुराना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह नामजद व्यक्तियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के एक मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, यह वारदात 6 अगस्त 2026 की रात को घटित हुई। शिकायतकर्ता राजविंदर सिंह (45), पुत्र रूप सिंह, निवासी जीता सिंह वाला ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि वे ठेके की दुकान की शिफ्टिंग की आशंका के चलते वहां निगरानी कर रहे थे। रात करीब 8:50 बजे गांव का ही एक आरोपी जसपाल सिंह उर्फ जस्सा वहां से मोटरसाइकिल पर रेकी करते हुए गुजरा। इसके कुछ ही देर बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोची-समझी साजिश के तहत ट्रांसफार्मर की सर्विस वायर काटकर पूरे इलाके की बिजली गुल कर दी, जिससे सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो गए। अंधाधुंध की फायरिंग, कोठे से कूदकर बचाई जान शिकायतकर्ता ने बताया कि अंधेरा छाते ही कई अन्य आरोपी मोटरसाइकिलों पर हथियारों से लैस होकर मौके पर आ धमके। आरोपियों में शामिल जसपाल सिंह उर्फ जस्सू के हाथ में पिस्तौल थी। सभी ने ठेका तुरंत बंद करने की धमकी देते हुए अंजाम भुगतने की बात कही। इसके बाद जसपाल सिंह उर्फ जस्सू ने सीधे राजविंदर सिंह और सुखमंदर सिंह को निशाना बनाते हुए अपनी पिस्तौल से 4-5 राउंड अंधाधुंध फायर झोंक दिए। दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए कोठे (कमरे) की तरफ छलांग लगाई और खेतों की ओर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इन 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, एक गिरफ्तार पूर्व सरपंच बलविंदर सिंह द्वारा दी गई सूचना और राजविंदर सिंह की शिकायत के आधार पर बाघापुराना पुलिस ने केस नंबर 206 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने इन छह आरोपियों हरप्रीत सिंह उर्फ लाली, जसप्रीत सिंह उर्फ काकू,चमकौर सिंह जसवीर सिंह उर्फ निंका जसपाल सिंह उर्फ जस्सू जसपाल सिंह उर्फ जस्सा को नामजद किया गया है आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 296, 351(3), 324(4), 61(2), 191(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसमें जसवीर सिंह उर्फ निंका को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी दबोचा, बाकियों की तलाश जारी मामले की पुष्टि करते हुए थाना पुलिस ने बताया कि नामजद छह आरोपियों में से एक, जसवीर सिंह उर्फ निंका को पुलिस टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी के पांचों आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *