फरीदकोट में स्पीकर आवास पर मोर्चे पर डटे किसान: रेलवे ट्रैक व नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी दी, कर्ज माफी को लेकर संघर्ष – Faridkot News
फरीदकोट के गांव संधवां में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के नेतृत्व में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के निवास के बाहर लगाया गया पक्का मोर्चा शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने में फरीदकोट सहित आसपास के अन्य जिलों से पहुंचे किसानों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। किसानों द्वारा कर्ज माफी, शंभू-खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान हुए नुकसान की भरपाई तथा लैंड मॉर्गेज बैंकों द्वारा किसानों के शोषण सहित विभिन्न मांगों को लेकर यह अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। किसान संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। धरने के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि कुछ महीने पहले कोटकपूरा के गांव हरिनौ के दो किसान भाइयों ने कर्ज से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में विधानसभा स्पीकर ने पीड़ित परिवार की मदद करवाने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। किसान बोले- लैंड मॉर्गेज बैंकों द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि लैंड मॉर्गेज बैंकों द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्ज देते समय किसानों से लिए गए खाली चेकों का कथित रूप से दुरुपयोग किया जा रहा है और किसानों को जेल तक भिजवाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा किसान नेताओं ने कहा कि शंभू-खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन समाप्त करवाए जाने के दौरान किसानों को हुए नुकसान की अभी तक भरपाई नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से इस नुकसान का मुआवजा देने की मांग की। मांगों का समाधान होने तक मोर्चा जारी रहेगा-बलदेव सिंह किसान नेता बलदेव सिंह ने कहा कि जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं होता, वे पक्के मोर्चे में डटे रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं की तो किसान रेलवे ट्रैक और नेशनल हाईवे जाम करने समेत वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़ने जैसे कड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
Source link

