पठानकोट में पोलिंग स्टेशनों का रैशनलाइजेशन पूरा: जिले में अब कुल 592 मतदान केंद्र, 24 नए जोड़े गए, राजनीतिक दलों को भेजी सूचना – Pathankot News
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत पठानकोट जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का “रैशनलाइजेशन” कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस पूरी प्रक्रिया के बाद जिले भर में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 568 से बढ़कर 592 हो गई है, यानी मतदाताओं की सुविधा के लिए 24 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी पठानकोट डॉ. पल्लवी (IAS) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रैशनलाइजेशन का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को उनके निवास स्थान के निकटतम और सुविधाजनक पोलिंग बूथ उपलब्ध कराना है, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुचारू और पारदर्शी बनाया जा सके। विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों का नया आंकड़ा: 001-सुजानपुर: पहले 188 मतदान केंद्र थे, जो अब 13 बढ़कर 201 हो गए हैं। 002-भोआ (SC): पहले 216 मतदान केंद्र थे, जो अब 4 बढ़कर 220 हो गए हैं। 003-पठानकोट: पहले 164 मतदान केंद्र थे, जो अब 7 बढ़कर 171 हो गए हैं। कार्यालयों में सूची चस्पा, राजनीतिक दलों को किया गया सूचित डॉ. पल्लवी ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों की पुनरीक्षित और अनुमोदित अंतिम सूची संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ERO) के कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। इसके अलावा, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी इस संबंध में औपचारिक सूचना भेज दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों और आम जनता से अपील की है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र में हुए बदलावों और नई स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने दोहराया कि जिला प्रशासन हर नागरिक के लिए एक सहज, पारदर्शी व सुलभ चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Source link

