जालंधर देहात पुलिस का नशा तस्करी के खिलाफ एक्शन: 100 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी अरेस्ट; नशे की लत में करता था हेरोइन सप्लाई – Jalandhar News
जालंधर देहात पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अड्डा बिधिपुर रेलवे फाटक के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपी की पहचान नरेंद्र चंचल उर्फ बाबा के रूप में हुई है, जो खुद नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए इलाके में हेरोइन की तस्करी करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान यह कामयाबी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जालंधर ग्रामीण, हरविंदर सिंह विर्क (PPS) के दिशा-निर्देशों पर समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मिली। इस कार्रवाई को पुलिस कप्तान विनीत अलाहवत (IPS) और उप पुलिस कप्तान लखविंदर सिंह (PPS) की कड़ी निगरानी में अंजाम दिया गया। संदेह होने पर पुलिस ने दबोचा एसएसपी देहात हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 2 जून को सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर पुष्प बाली द्वारा एसआई कश्मीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी गश्त पर थी। जब पुलिस टीम जंडू सिंघा से मकसूदां होते हुए करतारपुर की तरफ जा रही थी, तो अड्डा बिधिपुर रेलवे फाटक के पास एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। भागने की कोशिश की, तलाशी में मिली हेरोइन पुलिस की गाड़ी को देखकर आरोपी ने घबराकर वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम को उस पर शक हुआ, जिसके बाद मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान नरेंद्र चंचल उर्फ बाबा पुत्र नसीब चंद, निवासी गांव आलमपुर बक्का (थाना करतारपुर, जालंधर) के रूप में हुई। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ, संपत्ति भी होगी जब्त पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान इस बात का पता लगाया जाएगा कि वह यह नशा कहां से लाता था और इलाके में उसके ग्राहक कौन-कौन हैं। इसके अलावा, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने नशे की कमाई से कोई अवैध संपत्ति तो नहीं बनाई है। यदि ऐसी किसी संपत्ति का पता चलता है, तो उसे कानून के तहत जब्त किया जाएगा।
Source link

