चंडीगढ़ में कर्मचारियों की महारैली कल: डीसी, एसडीएम, तहसील कर्मचारी होंगे शामिल, सरकार पर वादा पूरा न करने का आरोप – Malerkotla News
पंजाब सरकार के खिलाफ कर्मचारियों की नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अभी 28 दिन बाद समाप्त ही है। उधर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। पंजाब के डी.सी. कार्यालय कर्मचारी यूनियन ने 7 अगस्त 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित दाना मंडी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय महारैली और रोष मार्च को अपना पूर्ण समर्थन देने की आधिकारिक घोषणा की है। यूनियन की मालेरकोटला इकाई के अध्यक्ष शरणवीर सिंह और सचिव दिलजान अली ने साझा बयान जारी करते हुए बताया कि इस महारैली में डी.सी. कार्यालय मालेरकोटला सहित एस.डी.एम. (SDM) कार्यालय और तहसील कार्यालयों के बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होकर पंजाब सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। हाईकोर्ट से खारिज सीलबंद रिपोर्ट मीडिया में जारी करने पर जताया कड़ा ऐतराज यूनियन नेताओं ने पंजाब सरकार की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहले ही डी.ए. (महंगाई भत्ता) संबंधी उस सीलबंद रिपोर्ट को पूरी तरह खारिज कर चुका है, जिसमें राज्य के कर्मचारियों के वेतन को अन्य राज्यों से अधिक बताकर आंकड़ों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया था। इसके बावजूद पंजाब सरकार ने उसी खारिज रिपोर्ट को दोबारा मीडिया में जारी कर कर्मचारियों के प्रति अपनी संवेदनहीनता और कर्मचारी विरोधी मानसिकता को जगजागर किया है। 18% डी.ए. बकाया जारी करने और पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाली की प्रमुख मांगें कर्मचारी नेताओं ने सरकार के समक्ष अपनी लंबित मांगों को दोहराते हुए कहा कि कर्मचारियों की रोकी गई 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते की बकाया किस्तें तुरंत जारी की जाएं। इसके साथ ही पंजाब वेतनमान को पूर्ण रूप से लागू करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) को व्यावहारिक रूप से बहाल करने तथा बंद किए गए सभी प्रकार के भत्तों को पुनः शुरू करने की पुरजोर मांग की गई है। कर्मचारी और पेंशनरों के संयुक्त मोर्चे के बैनर तले सेक्टर-39 चंडीगढ़ में जुटेंगे हजारों कर्मचारी यूनियन प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैये के कारण ही आज राज्य भर के कर्मचारियों और पेंशनरों को दफ्तर छोड़कर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है। सभी कर्मचारी व पेंशनर संगठनों के संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर 7 अगस्त को प्रदेश भर से हजारों की तादाद में कर्मचारी सेक्टर-39, चंडीगढ़ पहुंचकर राज्य सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेंगे और अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर दबाव बनाएंगे।
Source link

