ट्रांसफार्मर तेल चोरों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला: फाजिल्का में कार से घसीटा जवान, घायल; अज्ञात आरोपियों पर हत्या प्रयास का केस – Fazilka News

ट्रांसफार्मर तेल चोरों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला:  फाजिल्का में कार से घसीटा जवान, घायल; अज्ञात आरोपियों पर हत्या प्रयास का केस – Fazilka News




फाजिल्का जिले के अरणीवाला क्षेत्र में चोरों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अरणीवाला के एसएचओ इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में लगातार ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाएं हो रही हैं और कुछ संदिग्ध लोग फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर 112 इमरजेंसी सेवा पर तैनात पुलिसकर्मी इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक कार को रोकने का प्रयास किया। जब पुलिसकर्मी कार सवार लोगों को बाहर निकालने लगे तो आरोपियों ने वाहन भगा दिया। आरोप है कि कार चालक ने पुलिसकर्मी राकेश कुमार को काफी दूर तक घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की तथा मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के एसएमओ डॉ. एरिक ने बताया कि घायल के सिर पर चोट लगी थी, जिसका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। घटना की सूचना संबंधित पुलिस थाने को भेज दी गई है। पुलिस अधिकारी परमजीत कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *