शाहकोट में युवक ने वीडियो बना जहर निगला: बोला-6 महीने से परेशान कर रहा जोगा, गलत काम को कहता; बात न मानने पर धमकाता है – Jalandhar News
शाहकोट के टंडोवाल रोड के वार्ड नंबर-5 के मोहल्ला धूलकोट में 19 वर्षीय युवक ने वीडियो बनाकर जहर निगल लिया। पहले तबीयत बिगड़ने पर परिवार उसका घरेलू उपचार करता रहा। जब ज्यादा तबीयत बिगड़ी तो युवक ने मां को कहा कि उसने सल्फास निगल ली है।
घटना 1 मई की शाम की है। युवक की मौत मंगलवार सुबह 9 बजे सिविल अस्पताल जालंधर में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक युवक की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ लड्डू (19) पुत्र सतनाम के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सल्फॉस निगलने से बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरविंदर सिंह उर्फ लड्डू ने सोमवार सुबह करीब 4 बजे घर पर सल्फॉस निगल ली, जिससे उसकी तबीयत खराब होने लगी। बेटे की हालत बिगड़ती देख उसकी मां कमल ने पहले तो घरेलू उपचार किया। लेकिन जब उन्हें पता चला कि लड्डू ने जहरीला पदार्थ (सल्फॉस) निगला है, तो उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। परिजन तुरंत उसे नागरिक अस्पताल (सिविल हॉस्पिटल) शाहकोट लेकर गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत सिविल अस्पताल जालंधर रेफर कर दिया गया। जालंधर में इलाज के दौरान सुबह करीब 9 बजे हरविंदर की मौत हो गई। मरने से पहले बनाया वीडियो, लगाए गंभीर आरोप
आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने से पहले हरविंदर सिंह उर्फ लड्डू ने एक वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उसने शाहकोट के गांव सलैचां के एक युवक जोगा उर्फ ताई जगीरो पुत्र तरसेम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक ने आरोप लगाया कि जोगा उसे पिछले छह महीने से मानसिक रूप से परेशान कर रहा था और उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकियां दे रहा था। वीडियो में हरविंदर ने यह भी कहा कि आरोपी उसे गलत काम करने के लिए उकसाता था और बात न मानने पर प्रताड़ित करता था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। पिता सतनाम के बयान पर आरोपी जोगा के खिलाफ केस
घटना की सूचना मिलते ही मॉडल थाना शाहकोट की पुलिस जांच अधिकारी एएसआई परजिंदर कौर के नेतृत्व में पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नकोदर के शवगृह (मर्च्युरी) में रखवा दिया है। इस संबंध में शाहकोट के थाना प्रभारी (एसएचओ) सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतक के पिता सतनाम के बयानों के आधार पर आरोपी जोगा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक नकल आदि से जुड़ा कोई काम साथ में करते थे, और इसी दौरान कोई अंदरूनी विवाद हुआ था। हालांकि, पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। एसएचओ ने कहा कि आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Source link

