पंजाब महिला आयोग ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना से की जवाब-तलबी: लापता 9 लड़कियों की तस्वीरें की सोशल मीडिया पर पोस्ट; कहा-जांच सीनियर अधिकारी से करवाएं – Ludhiana News
पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्शन राजलाली गिल।
लुधियाना से 9 लड़कियों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्शन राजलाली गिल ने सख्त रूख अपना लिया। राजलाली गिल ने लापता हुई नौ लड़कियों की रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वप्न शर्मा से जवाब तलबी की है।
.
महिला आयोग की चेयरपर्शन ने लुधियाना से गायब हुई नौ लड़कियों की फोटो और पुलिस कमिश्नर को जारी किए गए नोटिस की फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट की है। पंजाब महिला आयोग ने पुलिस कमिश्नर को इस मामले की तुरंत किसी सीनियर रैंक के अधिकारी से निष्पक्ष जांच करवाने को कहा है और 8 जून तक जांच रिपोर्ट पेश करने को भी कहा है। पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने पुलिस कमिश्नर को लिखा है कि यह मामला बेहद गंभीर है। इसलिए इसे गंभीरता से लें।
आयोग ने “पंजाब राज महिला आयोग एक्ट, 2001” की धारा 12 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस पर सुओ-मोटो नोटिस जारी कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ लुधियाना पुलिस नोटिस जारी होने से पहले ही इस मामले में सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष पेश कर चुकी है।
चेयरपर्शन राजलाली गिल के फेसबुक पेज पर अपलोड की गई लड़कियों की फोटो।
पंजाब में महिलाओं की सुरक्षा हमारी मुख्य प्रतिबद्धता
महिला आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि आयोग पंजाब के भीतर महिलाओं के अधिकारों, मान-सम्मान और उनकी मुकम्मल सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है। इस तरह एक साथ 9 लड़कियों का गायब होना कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है, जिसकी गहराई से जांच होना बेहद जरूरी है।
एक महीने में लापता लड़कियों की डिटेल, जानिए…
- कुल्लेवाल (जमालपुर) से तीन बहनें एक साथ गायब: 27 मई 2026 को कुल्लेवाल इलाके से तीन नाबालिग ममेरी-चचेरी बहनें (उम्र 14, 15 और 16 वर्ष) एक साथ अचानक लापता हो गईं। बाद में बड़ी लड़की ने एक अज्ञात नंबर से परिवार को फोन कर बताया कि वह अंबाला (हरियाणा) में है और एक युवक उसे शादी का झांसा देकर ले गया है। उस युवक ने बाकी दोनों छोटी बहनों को उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेन में जबरन बिठा दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों छोटी लड़कियों को सुरक्षित लोकेट (ट्रेस) कर लिया गया है।
- सराभा नगर से 16 साल की डोमेस्टिक वर्कर लापता: 24 मई 2026 राजगुरु नगर में डोमेस्टिक वर्कर के रूप में काम करने वाली एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की शाम करीब 7 बजे काम खत्म करके घर लौट रही थी। उसने अपनी साइकिल जे-ब्लॉक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के बाहर खड़ी की और गायब हो गई। सीसीटीवी फुटेज में वह आखिरी बार मंदिर के बाहर अकेली पैदल जाती दिखी थी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया है।
- सलेम टाबरी से 18 साल की युवती गायब: 27 अप्रैल 2026 मोहल्ला पीरू बंदा की रहने वाली 18 वर्षीय युवती अपने जन्मदिन के अगले ही दिन (27 अप्रैल को) 11वीं कक्षा में एडमिशन के लिए स्कूल जाने का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पड़ोस का एक युवक भी उसी दिन से गायब है। परिवार का आरोप है कि लड़की के बालिग होने का तर्क देकर पुलिस ने एक महीने तक एफआईआर दर्ज नहीं की थी। अब पुलिस ने दबाव में मामला दर्ज किया है।
- 4. अन्य 4 मामले: इन 5 लड़कियों के गायब होने से पहले शहर के अलग-अलग थानों में 4 अन्य लड़कियों के लापता होने के मामले दर्ज थे।आयोग की तरफ से पुलिस कमिश्नर को जारी नोटिस।
लड़कियों के गायब होने पर पुलिस ने कही ये अहम पांच बातें…
1. सोशल मीडिया पर चल रहा भ्रामक प्रचार गलत: दो दिन पूर्व लुधियाना पुलिस के एडीसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह गलत और भ्रामक नैरेटिव चलाया जा रहा है कि लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट की सीमा के भीतर बहुत बड़ी संख्या में लड़कियां लापता हो रही हैं।
2. केवल 10 मामले दर्ज: उनका कहना है कि असलियत यह है कि पिछले महीने (मई में) नाबालिग लड़कियों के लापता होने के केवल 10 मामले ही पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना की तरफ से दर्ज किए गए हैं।
3. सूचना मिलते ही तुरंत एफआईआर : एडीसीपी ने कहा कि पुलिस को लड़कियों के लापता होने की सूचना जैसे ही संबंधित थाने में प्राप्त होती है, बिना किसी देरी के तुरंत मुक़दमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाती है।
4. जमालपुर की तीनों लड़कियां यूपी से सुरक्षित बरामद: एडीसीपी ने कहा कि थाना जमालपुर के मुक़दमा नंबर 130 (जो 29 मई 2026 को दर्ज हुआ था) के तहत लापता हुई तीनों लड़कियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश (यूपी) में उनके पैतृक गांव से सुरक्षित ढूंढ निकाला है, जिन्हें आज ही उनके माता-पिता को सौंप दिया जाएगा।
5. हर मुमकिन पहलू पर जांच: लड़कियां चाहे किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ गई हों या अपनी मर्जी (स्वेच्छा) से घर से गई हों, पुलिस हर स्थिति पर तत्परता से काम कर रही है। बाकी मामलों की लापता लड़कियों को भी जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

