जालंधर कैट का रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने लिया जायजा: पीएम मोदी के दौरे से पहले अधिकारियो का दौरा,अमृत भारत योजना के तहत तैयार स्टेशन – Jalandhar News
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत बेहद आधुनिक और खूबसूरत लुक दिया गया है। आगामी 17 तारीख को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस नवनिर्मित स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। इसी सिलसिले में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने जालंधर कैंट स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ रेलवे के कई आला अधिकारी भी मौजूद रहे। चेयरमैन ने अधिकारियों को बचे हुए छोटे-मोटे कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। रेलवे के तमाम बड़े अधिकारी लगातार स्टेशन का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। कुछ दिन पहले रेलवे की जनरल मैनेजर और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी यहां का दौरा किया था। इसी कड़ी में आज रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार खुद जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे।
17 तारीख को पीएम आएंगे जालंधर निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने बताया कि 17 तारीख को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी संदर्भ में वे यहां चल रही तैयारियों और व्यवस्थाओं को देखने आए हैं। उन्होंने कहा कि यह भारतीय रेलवे और देश के लिए बेहद गौरव की बात होगी कि प्रधानमंत्री जी एक साथ देश के 75 अमृत भारत स्टेशनों को जनता को समर्पित करेंगे, जिसमें जालंधर कैंट स्टेशन भी शामिल है।
स्टेशन को बहुत खूबसूरती के साथ री-डेवलप किया गया चेयरमैन ने स्टेशन के नए स्वरूप की तारीफ करते हुए कहा कि स्टेशन को बहुत खूबसूरती के साथ री-डेवलप किया गया है और यहां यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। पुराने और नए स्टेशन में जमीन-आसमान का अंतर साफ देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जो भी छोटी-मोटी कमियां नजर आई हैं, उन्हें दूर करने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। जब चेयरमैन से जालंधर सिटी स्टेशन के नवीनीकरण को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरा ध्यान उन स्टेशनों पर है जो बनकर तैयार हो चुके हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पूरे देश में स्टेशनों को आधुनिक बनाने की प्रक्रिया लगातार चल रही है। एक साथ 75 स्टेशनों का देश को समर्पित होना भारतीय रेल और आम नागरिकों के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि साबित होगी। हाई-स्पीड ट्रेन और ट्रैक प्लानिंग के सवाल पर सतीश कुमार ने बताया कि देश में सात अलग-अलग कॉरिडर्स पर तेजी से काम चल रहा है। इस बार के बजट में भी सात नई लाइनों की घोषणा हुई है, जिन पर योजनाबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ रहा है।
Source link

