जालंधर में कार में धमाका, वेल्डर की मौत: डीजल टंकी वेल्ड कर रहा था, तेल होने के चलते टंकी फटी; आसपास भड़की आग – Jalandhar News
जालंधर लोहियां-मखू राष्ट्रीय मार्ग पर वेल्डिंग करते समय गाड़ी की टंकी में धमाका हो गया। टंकी फटने के चलते वेल्डर इसकी चपेट में आ गया जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के वक्त वेल्डर जसवंत सिंह महिंद्रा गाड़ी की डीजल टंकी को वेल्ड कर रहा था। टंकी में तेल होने के चलते वेल्डिंग से तेल ने आग पकड़ ली और जोरदार धमाका होते ही आस पास आग लग गई। टंकी से तेल निकलने के कारण वेल्डर के कपड़ों में आग लग गई। लोगों के आग बुझाने तक वेल्डर 70 फीसदी तक झुलस गया। उसे तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया कि धमाके बाद कार भी जल गई और दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। सुल्तानपुर लोधी से पहुंचे फायर फायटर्स ने आग पर काबू पाया। गांव रायवाला का रहने वाला था वेल्डर
मृतक की पहचान गांव रायवाला निवासी जसवंत सिंह के रूप में हुई है। उसकी उम्र 50 साल के लगभग बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार जसवंत सिंह वर्कशाप में महिंद्रा पिकअप की डीजल टंकी वेल्ड कर रहा था। इसी दौरान टंकी में धमाका हो गया और तेल गिरने से आग भड़क उठी। जसवंत बुरी तरह झुलस गया। धमाके के बाद वर्कशॉप में मची अफरातफरी
धमाके और आग लगने से वर्कशाप में अफरा-तफरी मच गई। पिकअप के साथ ही नजदीक खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आ गई और दोनों वाहन जल गए। सूचना मिलने पर सुल्तानपुर लोधी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद पिकअप का चालक मौके से गायब हो गया। स्थानीय थाने के एसएचओ सुखजिंदर सिंह खैरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
Source link

