संगरूर में सेवा केंद्र कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू: सेंटरों का कामकाज रहा ठप; जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर लगाया धरना – Barnala News
संगरूर में सेवा केंद्र कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इसके चलते जिले भर के सेवा केंद्रों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने जिला प्रशासनिक परिसर के सामने धरना दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने की अगुवाई सेवा केंद्र कर्मचारी यूनियन के प्रदेश प्रधान बलजिंदर सिंह माजा, सरपरस्त गुरसेवक सिंह चहल और दमनजीत सिंह सोढ़ी ने की। इस दौरान कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखा। 10 वर्षों से वेतन में नहीं हुई बढ़ोतरी यूनियन नेताओं ने बताया कि सेवा केंद्र कर्मचारी पिछले लगभग 10 वर्षों से ठेकेदारी प्रणाली के तहत काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इस अवधि में उनकी तनख्वाह में कोई ठोस बढ़ोतरी नहीं की गई है। कर्मचारियों से प्रतिदिन पूरा काम लिया जाता है, लेकिन उन्हें मात्र 10 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार का पालन-पोषण करने के लिए अपर्याप्त है। कंपनी ने 6 महीने का किया करार कर्मचारियों का यह भी कहना है कि कंपनी के साथ वेतन वृद्धि को लेकर पांच साल का अनुबंध किया गया था, लेकिन कंपनी उन्हें केवल 6 महीने का ही कॉन्ट्रैक्ट जारी कर रही है। इससे उनके भविष्य पर लगातार अनिश्चितता बनी हुई है। पंजाब सेवा केंद्र प्रोजेक्ट का हो सरकारीकरण धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने मांग की कि पंजाब सेवा केंद्र प्रोजेक्ट को पूरी तरह पंजाब सरकार के अधीन लाया जाए। उनका तर्क है कि निजी कंपनियों के माध्यम से सेवा केंद्र चलाए जाने के कारण पंजाब का पैसा राज्य से बाहर जा रहा है, जबकि इसे प्रदेश के लोगों के विकास और भलाई में खर्च किया जाना चाहिए।
Source link

