मंडी गोबिंदगढ़ में युवकों की पिटाई,VIDEO: नशा तस्कर समझ लोगों ने पीटा; पुलिस पर उठे सवाल, SHO बोले-खुद कानून हाथ में ना लो – Khanna News
पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच मंडी गोबिंदगढ़ से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कथित तौर पर नशा तस्करी करने वाले युवकों को पकड़कर बीच सड़क पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। घटना मास्टर कॉलोनी की बताई जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम वीडियो में दिखाई दे रहे हर्ष शेख चीमा ने दावा किया कि वह विकास नगर का रहने वाला है और उसकी टीम में 70 से 80 सदस्य शामिल हैं। उसके मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक इलाके में नशा खरीदने और बेचने के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और दो से तीन युवकों को पकड़ लिया। चीमा का आरोप है कि पकड़े गए युवक बाहरी राज्यों से जुड़े हुए हैं और नशा तस्करी में शामिल थे। इसके बाद लोगों ने उनकी बीच सड़क पिटाई कर दी। वीडियो में कुछ लोगों को डंडों से मारपीट करते भी देखा जा सकता है। बाद में टीम ने कथित तौर पर बरामद की गई चिट्टे की पुड़ियों को भी लोगों के सामने जला दिया। सोशल मीडिया पर जारी किया नंबर हर्ष शेख चीमा ने सोशल मीडिया पर अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया और लोगों से अपील की कि यदि उनके इलाके में चिट्टा बिकने की सूचना मिले तो वे व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी दें। उसने यह भी कहा कि उनकी टीम कार्रवाई के दौरान किसी पार्षद, विधायक या थाना प्रभारी की मध्यस्थता नहीं मानेगी। पकड़े गए युवक का दावा वीडियो में एक पकड़ा गया युवक खुद को बिहार का निवासी बताते हुए कहता है कि वह फिलहाल दिल्ली में रहता है और कार से आया था। उसने दावा किया कि वह 400 रुपये का चिट्टा खरीदने आया था। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल लगातार सामने आ रहे नशे के मामलों के बीच लोगों द्वारा कथित नशा तस्करों को खुद पकड़कर पीटने की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के दिनों में मंडी गोबिंदगढ़ में नशे को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। कुछ दिन पहले एक युवक की कथित ओवरडोज से मौत के मामले में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इन घटनाओं के बाद एसएसपी फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल ने नशा तस्करी और नशे के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए विशेष एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया था। इसके बावजूद वायरल वीडियो से यह संदेश गया कि कुछ लोगों का पुलिस पर भरोसा कम हुआ है और उन्होंने स्वयं कार्रवाई शुरू कर दी है। SHO की अपील- कानून हाथ में न लें वीडियो सामने आने के बाद मंडी गोबिंदगढ़ के एसएचओ संदीप कुमार ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर नशा बेचने का संदेह है या किसी नशा तस्करी के ठिकाने की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति को पकड़ना, उसके साथ मारपीट करना या सार्वजनिक रूप से दंड देना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में जांच और कार्रवाई का अधिकार केवल पुलिस और संबंधित एजेंसियों के पास है।
Source link

