जीरकपुर में हेरोइन समेत 4 गिरफ्तार: पुलिस ने फ्लैट में की रेड, लिफाफे फेंक लगे भागने; फॉयल पेपर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद – Mohali News
जीरकपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक फ्लैट में छापा मारकर 4 युवकों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुल 30 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, सिल्वर फॉयल पेपर और नशा पैक करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस को शुक्रवार शाम गश्त के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंगमा सिटी एक्सटेंशन के फ्लैट नंबर 566-सी में नशा बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापा मारा। फ्लैट के अंदर मौजूद चारों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और जेबों से पॉलिथीन के लिफाफे फेंककर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। बरामद लिफाफों की जांच की एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए, पुलिस ने आरोपियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और बरामद लिफाफों की जांच की। जांच में साहिल से 8 ग्राम, अजय से 7 ग्राम, अमन से 7 ग्राम और मुकेश से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कुल 30 ग्राम हेरोइन जब्त कर सील कर दी गई। वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई छापेमारी के दौरान फ्लैट की तलाशी लेने पर एक कमरे से 10 खाली पॉलिथीन पाउच, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और सिल्वर फॉयल पेपर भी मिला। पुलिस का मानना है कि इन सामानों का उपयोग नशे की पैकिंग और बिक्री के लिए किया जाता था। इस पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल (निवासी रामदरबार, चंडीगढ़), अजय (निवासी विकास नगर, चंडीगढ़), अमन (निवासी बिजनौर, हाल निवासी रामदरबार, चंडीगढ़) और मुकेश (निवासी ग्रीन वैली, घोलू माजरा, लालड़ू) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया मामला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जीरकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से प्राप्त करते थे और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी। जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।
Source link

