मोगा में भिड़े अकाली-AAP समर्थक, VIDEO: पोलिंग बूथ पर अभद्र टिप्पणी पर बवाल, शिअद दलजीत सिंह गोल्डी व साथियों पर केस – Moga News

मोगा में भिड़े अकाली-AAP समर्थक, VIDEO:  पोलिंग बूथ पर अभद्र टिप्पणी पर बवाल, शिअद दलजीत सिंह गोल्डी व साथियों पर केस – Moga News




मोगा में नगर निगम चुनावों के दौरान मतदान प्रक्रिया समाप्त होने से ठीक पहले माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब शिरोमणि अकाली दल (SAD) और आम आदमी पार्टी (AAP) के समर्थक पोलिंग बूथ के बाहर आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प के मामले में थाना सिटी मोगा की पुलिस ने ‘आप’ उम्मीदवार अरविंदर सिंह हैप्पी कानपुरिया की पत्नी के बयानों के आधार पर अकाली नेता दलजीत सिंह गोल्डी और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। “अब क्यों निकलती हैं चीखें” – शिकायत में आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप पुलिस को दी गई शिकायत में ‘आप’ उम्मीदवार की पत्नी मनिंदर कौर ने आरोप लगाया कि वह अपने भाई सुखदेव सिंह और भतीजे गुरमिलाप सिंह लाडी के साथ पोलिंग बूथ के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान अकाली नेता दलजीत सिंह गोल्डी ने उनकी तरफ इशारा करते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उनका आरोप है कि इशारे करते हुए गोल्डी ने कहा, “अब क्यों निकलती हैं चीखें।” मनिंदर कौर ने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई और भतीजे के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया और उनके भतीजे के साथ सरेआम मारपीट भी की गई। मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार (ASI) बलवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अकाली नेता का पलटवार- “मेरी पगड़ी उतारी गई, चुनाव आयोग जाऊंगा” दूसरी ओर, अकाली नेता दलजीत सिंह गोल्डी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। गोल्डी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कोई गलत टिप्पणी नहीं की थी, बल्कि उन्होंने सिर्फ शहर के बाहर से आए बाहरी लोगों की मौजूदगी पर बात की थी। उल्टा आरोप लगाते हुए गोल्डी ने कहा, “मौके पर मौजूद विरोधियों ने मेरे साथ हाथापाई की और मेरी पगड़ी तक उतार दी।” उन्होंने इस पूरी घटना को राजनीतिक धक्काशाही करार देते हुए कहा कि वह इस मामले के खिलाफ चुनाव आयोग (Election Commission) का दरवाजा खटखटाएंगे और न्याय की मांग करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *