अमृतसर में ड्रोन से गिराई 27 किलो हेरोइन बरामद: बॉर्डर पर BSF-पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन; तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी एजेंसियां – Amritsar News
अमृतसर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 27 किलो हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसमें सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप भेजे जाने की आशंका जताई गई थी। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित तस्करों ने ड्रोन की मदद से अमृतसर के घरिंडा क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप गिराई है। सूचना मिलते ही बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीमों ने इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान पुल मोरन के निकट संदिग्ध स्थान से 27 किलो हेरोइन बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि खेप को सीमा पार से भेजने और उसे स्थानीय स्तर पर प्राप्त करने में किन लोगों की भूमिका रही है। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े संभावित आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। 2 दिन पहले हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी गई गौरतलब है कि 2 दिन पहले भी अमृतसर के अजनाला-रामदास क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने एक कथित हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। उस अभियान के दौरान 25 पिस्तौल, एक AK-47 राइफल, 360 कारतूस, 47 मैगजीन और एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की गई थी। लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चला रही एजेंसियां सीमा क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से नशे और हथियारों की तस्करी की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे संयुक्त अभियान सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिलहाल 27 किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
Source link

