धान रोपाई से पहले रास्ते करें अतिक्रमण मुक्त: स्पीकर संधवां की किसानों से अपील; बोले- खुले मार्ग से बढ़ेगा विकास – Faridkot News

धान रोपाई से पहले रास्ते करें अतिक्रमण मुक्त:  स्पीकर संधवां की किसानों से अपील; बोले- खुले मार्ग से बढ़ेगा विकास – Faridkot News




पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने धान की रोपाई का सीजन शुरू होने से पहले पंजाब के किसानों से गांवों की सड़कों, गलियों, पगडंडियों और सार्वजनिक रास्तों को खुला रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए रास्ते खोलने वाला व्यक्ति वास्तव में विकास, भाईचारे और जनसेवा का मार्ग प्रशस्त करता है। संधवां ने अपने संदेश में कहा कि कई गांवों में सार्वजनिक रास्तों पर किए गए कब्जों और अवरोधों के कारण लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से खेती के सीजन के दौरान किसानों, मजदूरों और कृषि मशीनरी की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में रास्तों का खुला और सुरक्षित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई शुरू होने से पहले यदि गांवों के मुख्य मार्ग, संपर्क सड़कें और पगडंडियां साफ और अतिक्रमण मुक्त कर दी जाएं तो इससे न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत सेवाओं को भी गांवों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। स्पीकर संधवां ने लोगों से सामूहिक भलाई के लिए आगे आने का आह्वान किया स्पीकर संधवां ने लोगों से निजी हितों से ऊपर उठकर सामूहिक भलाई के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह सार्वजनिक स्थानों और रास्तों को खुला रखने में सहयोग करे। यह केवल प्रशासन का नहीं बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक संगठनों, नौजवान सभाओं और किसानों से भी अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को सार्वजनिक रास्तों को खुला रखने के लिए प्रेरित करें। स्पीकर संधवां ने कहा कि यदि पंजाब के लोग मिलकर यह पहल करेंगे तो गांवों की तस्वीर बदलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। जो व्यक्ति समाज के लिए रास्ते खोलता है, परमात्मा उसकी जिंदगी के सभी रास्ते आसान कर देता है। उन्होंने इसे सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी से मुहिम का हिस्सा बनने का आहवान किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *