पठानकोट में घर में घुसकर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला: वार्ड 25 में पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने 4 लोगों पर दर्ज किया मामला – Pathankot News
पठानकोट के ढांगू पीर क्षेत्र में घर में घुसकर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर पिता-पुत्र सहित 3 लोगों को गंभीर तौर पर घायल कर दिया। घटना 31 मई की सुबह करीब 8 बजे की है। लेकिन, पुलिस ने सोमवार देर रात 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घायलों की पहचान तनिश (40), खुशी राम (61) और सुरेश कुमार (35) के तौर पर हुई है।
मामले में वार्ड 25 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार का बेटा भी आरोपी है। बताया जा रहा है कि 10 दिन पहले बच्चों की लड़ाई के बाद ये मामला बिगड़ा। फिल्हाल अलग-अलग अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सबूत मिटाने के लिए गली में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ गए। 31 मई को किया हमला
शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने बताया कि 31 मई की सुबह 8 बजे के आसपास शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्य घर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद थे। इसी दौरान निखिल शर्मा और चीकू हाथों में तेजधार हथियार दातर लेकर जबरन उनके घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर घुस आए। आरोपियों ने घर के अंदर आते ही ऊंची-ऊंची गालियां देना शुरू कर दिया। वे सबसे पहले नीचे पोर्शन में घुसे, जहां आराम कर रहे तनिश पर दातर से ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
शिकायतकर्ता और पिता को बेड पर किया घायल
शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए छत पर बने शिकायतकर्ता के पोर्शन में पहुंच गए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उनके बुजुर्ग पिता खुशी राम (पुत्र किशन चंद) को बेड पर ही घेर लिया। निखिल ने शिकायतकर्ता के सिर पर दातर से वार किया, जो उसके सिर के बाईं तरफ लगा। जब पिता खुशी राम बीच-बचाव करने आगे आए, तो चीकू ने उनके सिर के बीचों-बीच दातर मार दी। इसके तुरंत बाद निखिल ने दूसरा वार किया, जो बुजुर्ग के सिर के दाईं तरफ लगा। सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी
शिकायतकर्ता ने बताया कि हमले के दौरान इन आरोपियों के दो अन्य साथी अमन और परगट सिंह (दोनों निवासी गुरु गोबिंद सिंह नगर) बाहर गली में खड़े थे। वारदात को अंजाम देने के बाद, बाहर खड़े साथियों ने गली के सामने स्थित मनजीत प्रधान की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया ताकि हमले की कोई फुटेज पुलिस के हाथ न लग सके। इसके अलावा, आरोपी निखिल ने पास ही स्थित कोमल क्रिशन की दुकान पर जाकर कोमल को भी थप्पड़ मारे और ऊंची-ऊंची गालियां देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने 4 लोगों पर दर्ज किया मामला
पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस ने निखिल शर्मा उर्फ लाला, चीकू, अमन और परगट सिंह के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Source link

