लुधियाना के बुड्ढा दरिया में गंदगी डालने वालों पर एक्शन: आरोपियों की तलाश शुरू, किनारा तोड़ा; बिना ट्रीटमेंट बहाया जहरीला केमिकल वाला पानी – Ludhiana News
लुधियाना में बुड्ढा दरिया को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी बीच, दरिया में सीधे कचरा और रासायनिक युक्त अपशिष्ट जल छोड़कर उसे प्रदूषित करने वाले अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, इस संबंध में थाना पीएयू में एक आपराधिक मामला आज दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई लुधियाना नगर निगम के ओ.एंड एम. सेल के सहायक अभियंता की लिखित शिकायत और आधिकारिक पत्राचार के आधार पर की गई है। शिकायत में खुलासा हुआ है कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बुड्ढा दरिया को दो अलग-अलग जगहों से तोड़ दिया गया (तोड़-फोड़ की गई)। इस तोड़-फोड़ का मुख्य मकसद सारा वेस्ट और गंदा पानी सीधे तौर पर बिना किसी ट्रीटमेंट के बुड्ढा दरिया के साफ हो रहे प्रोजेक्ट में बहाना था। इस अवैध हरकत की वजह से बुड्ढा दरिया का पानी बड़े पैमाने पर प्रदूषित हो रहा है। प्रशासन द्वारा दरिया को साफ करने के लिए चलाए जा रहे बुड्ढा दरिया सफाई अभियान में भारी रुकावट पैदा हो रही है। पुलिस ने दर्ज की FIR नगर निगम की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 101, धारा 279 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दरिया को नुकसान पहुंचाने और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच थानेदार मनप्रीत सिंह को सौंपी गई है, जो इन अज्ञात असामाजिक तत्वों की पहचान में जुटे हैं। नगर निगम और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बुड्ढा दरिया की सफाई अभियान में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link

