पटियाला में पीलिया के 16 संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप: 2 में हेपेटाइटिस-ए, एक में हेपेटाइटिस-ई की पुष्टि; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट – Patiala News

पटियाला में पीलिया के 16 संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप:  2 में हेपेटाइटिस-ए, एक में हेपेटाइटिस-ई की पुष्टि; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट – Patiala News




पटियाला के सिरहिंदी गेट के निकट स्थित डोगरा मोहल्ला में पीलिया का प्रकोप सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में अब तक 16 संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई है, जिनकी उम्र 4 से 48 वर्ष के बीच है। इनमें से दो मरीजों में हेपेटाइटिस-ए और एक में हेपेटाइटिस-ई की पुष्टि हुई है। कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. कुशलदीप गिल ने बताया कि 10 जून को आईडीएसपी लैब, माता कौशल्या अस्पताल से मिली रिपोर्ट में इन मामलों की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में दूषित पानी को बीमारी फैलने का संभावित कारण माना जा रहा है। डोगरा मोहल्ला की लगभग 1,119 की आबादी और 243 घरों को निगरानी के दायरे में लिया गया है। फील्ड सर्वे के अनुसार, फिलहाल पांच मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में एक मेडिकल कैंप स्थापित किया है। आशा और एएनएम की टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रही हैं और लोगों को क्लोरीन की गोलियां तथा ओआरएस के पैकेट वितरित कर रही हैं। विभाग ने पानी के नमूनों की जांच भी शुरू कर दी है। अब तक दस पानी के नमूने एकत्र कर सरकारी प्रयोगशाला, खरड़ भेजे गए हैं। मरीजों के रक्त नमूनों की भी जांच की जा रही है; पहले लिए गए चार रक्त नमूनों में से तीन हेपेटाइटिस-ए पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि चार अन्य नमूनों की रिपोर्ट प्रतीक्षित है। लक्षण दिखने पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, पीलिया, दस्त, उल्टी, पेट दर्द या ऐसे अन्य लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क करें। इसके साथ ही, उबला हुआ या स्वच्छ पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *