पंजाब से इंदौर पहुंचा 220 किलो का बकरा: सुल्तान रोज 2 लीटर दूध, 250 ग्राम ड्राईफ्रूट खाता है; ₹8 लाख लग चुकी कीमत – Jalandhar News
बकर ईद के लिए पंजाब से खरीदा एक बकरा ‘सुल्तान’ मध्यप्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। देशभर में 28 मई को ईद-उल-अजहा मनाई जाएगी। इस मौके पर इंदौर में 220 किलो के बकरे ‘सुल्तान’ की कुर्बानी दी जाएगी। गुलजार कॉलोनी निवासी मोईन खान करीब एक साल पहले सुल्तान को पंजाब से एक हजार किलोमीटर का सफर 2 दिन में तय कर इंदौर लाए थे। सुल्तान को रोज 2 लीटर दूध, 250 ग्राम ड्राइफ्रूट और करीब 10 किलो पत्ते की डाइट दी जा रही है। 1 साल पहले 1.20 लाख रुपए में खरीदा मोईन खान ने बताया कि उन्हें शुरू से ही कुर्बानी के लिए भारी बकरे लाने का शौक रहा है। सुल्तान को उन्होंने 1.20 लाख रुपए में खरीदा था। ईद के मद्देनजर इसे खरीदने कई ग्राहक आए। एक ने तो सुल्तान की कीमत 8 लाख रुपए तक लगा दी लेकिन मोईन खान ने इसे बेचने से मना कर दिया। देखिए, तीन तस्वीरें… पंजाबी बीटल नस्ल का स्पॉटेड बकरा मोईन ने बताया कि सुल्तान पंजाब की बीटल नस्ल का है। यह भूरे रंग का स्पॉटेड बकरा है। इसकी जमीन से लेकर गर्दन तक की हाइट करीब 5 फीट है। सुल्तान रोज सुबह 2 लीटर दूध पीता है। गर्मी से बचाने के लिए कूलर लगाया गया है। उसे हमेशा ठंडा पानी ही पिलाया जाता है। बच्चे की तरह रख रहे सुल्तान का ध्यान राऊ से बकरा देखने इंदौर की गुलजार कॉलोनी आए फैजान कुरैशी ने कहा- सुल्तान की काफी तारीफ सुनी थी। उसे तंदुरुस्त रखने के लिए मोईन खान काफी मेहनत कर रहे हैं। वे अपने बच्चे की तरह सुल्तान का ख्याल रख रहे हैं। बड़े बकरे पालने के शौकीन हैं मोईन मोईन का कहना है कि उन्हें विशेष नस्ल और भारी बकरे पालने का शौक है। बकरे को शुरुआत से ही कुर्बानी के उद्देश्य से तैयार किया था। इसके लिए वह बकरों की खरीद करते रहते हैं।
Source link

