लुधियाना में मोबाइल हैक कर होजरी कारोबारी से ठगी: बैंक खाते से उड़ाए 1.25 लाख, अमेजन-ब्लिंकिट के नाम पर हुए ट्रांजेक्शन – Ludhiana News

लुधियाना में मोबाइल हैक कर होजरी कारोबारी से ठगी:  बैंक खाते से उड़ाए 1.25 लाख, अमेजन-ब्लिंकिट के नाम पर हुए ट्रांजेक्शन – Ludhiana News



लुधियाना में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठग लोगों के मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खातों से रकम साफ कर रहे हैं। ताजा मामला शहर के एक होजरी कारोबारी के साथ सामने आया है, जिसके खाते से साइबर ठगों ने करीब 1.25 लाख रुपये निकाल लिए।

.

जानकारी के अनुसार, शहर के होजरी कारोबारी जसविंदर सिंह अचानक उस समय हैरान रह गए जब उनका मोबाइल फोन काम करना बंद कर गया। इसके कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 10-10 हजार रुपये कटने के लगातार मैसेज आने लगे।

बैंक पहुंचने तक खाते से उड़ चुकी थी रकम

पीड़ित के मुताबिक, जब तक वह कुछ समझ पाते और बैंक पहुंचकर अपना खाता ब्लॉक करवाते, तब तक साइबर ठग उनके खाते से करीब 1.20 से 1.25 लाख रुपये निकाल चुके थे। अचानक हुई इस ठगी से कारोबारी के होश उड़ गए।

स्टेटमेंट देख चौंके कारोबारी

जसविंदर सिंह ने बैंक पहुंचकर खाते की स्टेटमेंट निकलवाई तो पता चला कि खाते से निकाली गई रकम का इस्तेमाल अमेजन और ब्लिंकिट जैसी कंपनियों के नाम पर ट्रांजेक्शन करने में किया गया है। शुरुआती जांच में बैंक अधिकारियों ने बताया कि यह राशि बेंगलुरु स्थित एक बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है।

साइबर पोर्टल पर दर्ज करवाई शिकायत

ठगी का पता चलते ही कारोबारी ने केंद्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही मामले की लिखित शिकायत स्थानीय साइबर सेल पुलिस को भी दी गई है।

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से उनका मोबाइल फोन अब भी ठीक तरह से काम नहीं कर रहा है। इसके कारण उनके होजरी कारोबार पर भी असर पड़ रहा है और रोजमर्रा के कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।

जांच में जुटी साइबर सेल

पुलिस और साइबर विशेषज्ञ अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि मोबाइल फोन किस तरीके से हैक किया गया और रकम किस खाते में पहुंची। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांजेक्शन की पूरी डिटेल खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *